‘इमली के बीज’ और ‘500 करोड़ का साम्राज्य’: अशोक खरात की 7 घंटे की पूछताछ में हुए 5 बड़े खुलासे
Ashok Kharat SIT Update: नासिक के अशोक खरात से 7 घंटे की पूछताछ में 500 करोड़ की संपत्ति और 100 अश्लील वीडियो का खुलासा। सुषमा अंधारे ने रूपाली चाकणकर के नार्को टेस्ट की मांग की।
- Written By: अनिल सिंह
Ashok Kharat SIT Investigation Update (फोटो क्रेडिट-X)
Ashok Kharat SIT Investigation Update: महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ‘गॉडमैन’ बताने वाले अशोक खरात उर्फ कैप्टन खरात पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। रविवार को एसआईटी द्वारा की गई 7 घंटे की सघन पूछताछ में कई ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने इस पूरे ‘आस्था के कारोबार’ की पोल खोल दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल महिलाओं का यौन शोषण करता था, बल्कि तंत्र-मंत्र के नाम पर रसूखदारों की जेब भी काटता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास से बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 500 करोड़ रुपये आँका जा रहा है। इसमें बेनामी संपत्तियां, हथियार और लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
100 अश्लील वीडियो और इमली के बीजों का ‘चमत्कार’
पुलिस को खरात के ठिकाने से एक पेन ड्राइव मिली है, जिसमें 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो क्लिप होने की बात सामने आई है। आशंका है कि इन वीडियो का इस्तेमाल हाई-प्रोफाइल लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था। इसके अलावा, खरात की ठगी का तरीका भी हैरान करने वाला था; वह बाजार में मिलने वाले सस्ते इमली के बीजों को पॉलिश कर ‘सिद्ध रत्न’ बताता था और उन्हें 10 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेच देता था। लोगों को डराने के लिए वह रिमोट से चलने वाले नकली सांपों और बाघ की खाल का इस्तेमाल करता था।
सम्बंधित ख़बरें
रेलवे भर्ती बोर्ड का बड़ा ऐलान, असिस्टेंट लोको पायलट के हजारों पदों पर होगी भर्ती
नवी मुंबई का ‘जीरो वेस्ट स्लम’ मॉडल बना महिलाओं का सहारा, 50 महिलाओं को मिला रोजगार
उल्हासनगर में फर्जी स्मार्ट पार्किंग घोटाले का खुलासा, मनपा ने पार्किंग स्थल किया सील
नवी मुंबई स्कूल छेड़छाड़ मामले में NHRC सख्त, अधिकारियों से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
ये भी पढ़ें- एसटी की ‘जहां चाहें वहां यात्रा’ योजना को मिला बंपर रिस्पॉन्स, 5 महीनों में 4.24 लाख यात्रियों ने उठाया लाभ
सुषमा अंधारे की मांग: ‘रूपाली चाकणकर का हो नार्को टेस्ट’
इस मामले ने अब भीषण सियासी रूप ले लिया है। शिवसेना (UBT) की फायरब्रांड नेता सुषमा अंधारे ने चंद्रपुर में मीडिया से बात करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का इस्तीफा स्वेच्छा से नहीं, बल्कि एक ‘मजबूरी की बर्खास्तगी’ है। अंधारे ने मांग की कि चाकणकर को इस मामले में सह-आरोपी बनाया जाए और उनका नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराया जाए। उनका आरोप है कि चाकणकर को साल भर से इन अघोरी कृत्यों की जानकारी थी, फिर भी उन्होंने चुप्पी साधे रखी।
अघोरी अनुष्ठान और ‘सत्ता’ के गलियारों तक पहुँच
विपक्ष का आरोप है कि अशोक खरात के तार सत्ता के गलियारों में बैठे ‘बड़े मगरमच्छों’ से जुड़े हैं। सुषमा अंधारे ने चाकणकर पर खरात के साथ अघोरी अनुष्ठानों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कुछ तस्वीरें भी सार्वजनिक करने का दावा किया है। उन्होंने मांग की है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को चाकणकर को तुरंत महिला प्रदेश अध्यक्ष पद से भी हटाना चाहिए। फिलहाल, खरात पुलिस की रिमांड में है और फॉरेंसिक टीम पेन ड्राइव के डेटा को खंगाल रही है, जिससे कई और सफेदपोश चेहरों के बेनकाब होने की संभावना है।
