Ashok Kharat Case Evidence (फोटो क्रेडिट-X)
Ashok Kharat Case Evidence: नासिक के चर्चित अशोक खरात मामले में पुलिस के हाथ कुछ ऐसी चीजें लगी हैं, जिन्हें देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए हैं। खरात के दफ्तर की तलाशी के दौरान पुलिस को 22 रुद्राक्षों वाला एक रहस्यमयी डिब्बा, अंग्रेजी अक्षरों और नंबरों वाली पट्टियां, एक काला लेंस और हरे रंग के लिक्विड से भरी बोतल मिली है। शक है कि वह इन चीजों का इस्तेमाल महिलाओं को डराने और उन पर काला जादू करने के लिए करता था। कोर्ट ने अब अशोक खरात को 8 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है, ताकि इस पूरे गोरखधंधे की गहराई से जांच हो सके।
इस मामले में एक महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के मुताबिक, साल 2020 से 2026 के बीच उसे कनाडा कॉर्नर स्थित ऑफिस में बुलाकर डराया-धमकाया गया। आरोप है कि अशोक खरात उसे ‘मंत्र जल’ के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसका बलात्कार करता था। हद तो तब हो गई जब महिला के गर्भवती होने पर उसे धोखे से दवाइयां देकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। विरोध करने पर खरात उसे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था, जिसके डर से वह लंबे समय तक चुप रही।
एसआईटी जांच में अशोक खरात के जमीन घोटालों का भी पर्दाफाश हुआ है। सिन्नर के मीरगांव में जिस ईशान्येश्वर महादेव मंदिर का निर्माण किया गया है, उसकी जमीन असल में एक गरीब परिवार से डरा-धमकाकर छीनी गई थी। खरात ने परिवार को डर दिखाया कि उनकी जमीन ‘शापित’ है और वहां रहने पर घर के सदस्य मर जाएंगे। जब उस परिवार की एक बेटी की मौत हुई, तो खरात ने इसी बात का फायदा उठाकर 16 लाख की जमीन को बेहद कम दाम में अपनी पत्नी कल्पना खरात के नाम करवा लिया।
ये भी पढ़ें- ‘संजय राउत ही करेंगे ठाकरे गुट के दो टुकड़े’, विधायक चंद्रकांत पाटिल का बड़ा दावा
मामला दर्ज होने के बाद से ही अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात फरार चल रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है ताकि वह देश छोड़कर न भाग सके। एसआईटी ने खरात के बेटे हर्षवर्धन और कल्पना के दोनों भाइयों से भी कड़ी पूछताछ की है। पुलिस को शक है कि इस पूरे काले साम्राज्य को चलाने में कल्पना की भी बराबर की हिस्सेदारी थी। दो दिन से चल रही तलाश के बावजूद अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे जांच टीम की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
पुलिस अब अशोक खरात के उन तमाम वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है, जो उसने महिलाओं और किसानों को ठगकर किए थे। पीड़ितों से लिए गए दस्तावेजों के आधार पर कई बेनामी संपत्तियों के बारे में जानकारी मिली है। एसआईटी हर उस एंगल से जांच कर रही है जिससे खरात के इस ‘पाखंडी साम्राज्य’ की जड़ें खोदी जा सकें। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, क्योंकि कई और महिलाएं अब हिम्मत जुटाकर अपनी शिकायतें लेकर पुलिस के पास पहुँच रही हैं।