2 बच्चों समेत राजस्थान में बेची गई महिला, 2 लाख में किया गया सौदा, 7 लोगों के खिलाफ दर्ज FIR
Nagpur Crime News: नागपुर में एक मानव तस्करी का मामला सामने आया है। नागपुर की एक महिला समेत दो बच्चों को राजस्थान में बेचे जाने का मामला सामने आया है।
- Written By: प्रिया जैस
क्राइम (डिजाइन फोटो)
Human Trafficking: नागपुर के कपिलनगर थाना क्षेत्र में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया। पति से परेशान एक महिला को उसी की रिश्तेदार ने दूसरी शादी करवाने का झांसा दिया। महिला और उसके 2 छोटे बच्चों को राजस्थान में 2 भाइयों को बेच दिया गया। दोनों ने महिला का शारीरिक शोषण भी किया। इसकी जानकारी मिलते ही क्राइम ब्रांच मानव तस्करी विरोधी दस्ते ने राजस्थान जाकर महिला और उसके बच्चों को रेस्क्यू किया।
पुलिस ने इस प्रकरण में 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 1 महिला को गिरफ्तार भी किया है। पकड़ी गई महिला जगदंबानगर, म्हसाला निवासी वर्षा राजकुमार राकेश (31) बताई गई। अन्य आरोपियों में रायपुरा, राजस्थान निवासी अवधेश देवान सिंह ठाकुर (27), रवि देवान सिंह ठाकुर (35), शकुन अवधेश ठाकुर (26), छपरा, सिवनी निवासी लक्ष्मण देवान सिंह ठाकुर (40), राजाखेड़ा धौलपुर, राजस्थान निवासी माधव सिंह ठाकुर (60) और हीरा सिंह ठाकुर (75) का समावेश है।
पूरा घटनाक्रम
पीड़ित महिला पूनम (नाम बदला हुआ) कपिलनगर थाना क्षेत्र में अपने पति और 2 बच्चों के साथ रहती है। पति कोई काम-धंधा नहीं करता है। उसे शराब की लत भी थी। इस वजह से पूनम परेशान थी। वर्षा उसकी करीबी रिश्तेदार है। अन्य आरोपियों के साथ मिलीभगत करके वर्षा ने पूनम को राजस्थान में दूसरा विवाह करवाने का झांसा दिया। मई महीने के अंत में वर्षा उसे अपने साथ ले गई।
सम्बंधित ख़बरें
गड़चिरोली में बढ़ा गर्मी का प्रकोप, अस्पतालों में बनाए गए ‘हीट स्ट्रोक कक्ष’
एसटी बस रियायत के लिए NCMC कार्ड अनिवार्य, भंडारा में 33 हजार पंजीकरण
सूरत पलायन पर भड़के संजय राउत, ‘गुजरात मॉडल पर किया प्रहार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मांगा जवाब
NGO की आड़ में धर्मांतरण और शोषण का गंदा खेल, नासिक के बाद अब नागपुर में हड़कंप, Video से जानिए पूरा मामला
पति ने पूनम और अपने 2 व 4 वर्षीय बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। इस बीच वर्षा ने अन्य आरोपियों की मिलीभगत से पूनम को माधव सिंह और हीरा सिंह को 2 लाख रुपये में बेच दिया। आरोपियों ने उससे विवाह तो नहीं किया लेकिन घर में ही बंधक बना लिया। दोनों भाई उसका शोषण करने लगे। किसी तरह पूनम ने अपने पति से संपर्क करके राजस्थान में होने की जानकारी दी।
राजस्थान पहुंची नगापुर पुलिस
पति ने मानव तस्करी विरोधी दस्ते से संपर्क किया। आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक टीम राजस्थान रवाना हुई। माधव और हीरा के घर से पूनम को रेस्क्यू किया गया। नागपुर लौटने के बाद पूनम का बयान दर्ज किया गया। उसने वर्षा द्वारा फंसाए जाने और राजस्थान में बेचे जाने की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें – दीक्षाभूमि पर धम्मदीक्षा, 5000 से अधिक उपासकों ने स्वीकारा ‘धम्म’, पहले दिन दीक्षा के लिए उमड़ी भीड़
शारीरिक शोषण किए जाने के बारे में बताया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वर्षा और पूनम करीबी रिश्तेदार हैं। पुलिस ने वर्षा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही टीम राजस्थान रवाना होगी।
