बीच सड़क पर बाघ को रोका, फिर मोबाइल निकालकर बनाने लगे वीडियो; ताडोबा प्रशासन ने दर्ज किया केस

Tadoba Tiger Viral Video: ताडोबा में बाघ के साथ सेल्फी लेना पड़ा महंगा! पद्मापुर-मोहर्ली रोड पर बाघ को घेरने वालों पर वन विभाग ने दर्ज किया मामला। वन्यजीव अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई।
Forest department files case against tourists for harrassing a tiger on Padmapur-Moharli road near Tadoba. Viral video shows people taking risky selfies.
ताडोबा में बाघ के साथ सेल्फी (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Padmapur-Moharli Road: ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व (टीएटीआर) प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 मार्च को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बाघ का वीडियो सफारी क्षेत्र का नहीं बल्कि पद्मापुर-मोहर्ली सार्वजनिक सड़क का है। यहां लोगों ने बाघ को रास्ता पार करने के दौरान परेशान किया और सड़क पर उतरकर बाघ के साथ सेल्फी और वीडियो बनाए। इस पर वन विभाग ने सख्त एक्शन लिया है।

बाघ का मार्ग बाधित करने वालों के खिलाफ विभाग ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बाघ के सड़क पार करने के दौरान राहगीरों ने अपनी गाड़ियां रोककर बाघ को घेर लिया और उसके बेहद करीब जाकर सेल्फी और वीडियो बनाने लगे। यह घटना ताडोबा रिजर्व अंतर्गत पद्मापुर-मोहर्ली रोड के बीच हुई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग बाघ के बेहद करीब पहुंच गए।

कई लोग मोबाइल फोन से सेल्फी लेने और वीडियो बनाने में लगे हुए थे। यह हरकत बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी। अगर उस समय बाघ ने हमला कर दिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने भी नाराजगी जताई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ लोगों की जान के लिए खतरा हैं बल्कि वन्यजीवों के लिए भी परेशानी पैदा करती हैं।

इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ताडोबा के क्षेत्र संचालक प्रभुनाथ शुक्ला ने कहा पीआरटी टीमें और वन रक्षक नियमित रूप से वन क्षेत्र में गश्त करते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी वाहन जंगल के बीच सड़क पर न रुकें। 16 मार्च को वायरल हुई घटना सफारी क्षेत्र की नहीं है बल्कि पद्मापुर-मोहर्ली सार्वजनिक सड़क पार करते हुए बाघ की है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चालकों और यात्रियों से अनुरोध है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें, वाहन से बाहर न निकलें और ऐसा कोई भी व्यवहार न करें जिससे वन्यजीवों को परेशानी हो या उनकी जान को खतरा हो।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com