2 करोड़ दो वरना...'सोलर ग्रुप' के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल को जान से मारने की धमकी, अमरावती से जुड़े तार!

Satyanarayan Nuwal Extortion Threat: सोलर ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल को जान से मारने की धमकी, 2 करोड़ की फिरौती मांगी। अमरावती से संदिग्ध हिरासत में। सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप।
Solar Group Chairman Satyanarayan Nuwal receives a death threat and ₹2 crore extortion demand via SMS.
सत्यनारायण नुवाल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Extortion Threat: रक्षा क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने वाले और विस्फोटक व परमाणु हथियारों के कलपुर्जे बनाने वाले 'सोलर ग्रुप' के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल को जान से मारने की धमकी देकर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। इस धमकी भरे एसएमएस के बाद नागपुर ग्रामीण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में बाजारगांव स्थित सोलर कंपनी के प्लांट के पास संदिग्ध ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर थीं, अब सीधे चेयरमैन को धमकी मिलने से मामला बेहद गंभीर हो गया है।

मोबाइल पर आया एसएमएस

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम व्यवसायी सत्यनारायण नुवाल के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से एसएमएस आया। संदेश में स्पष्ट लिखा था कि यदि 2 करोड़ रुपये की फिरौती नहीं दी गई, तो उन पर जानलेवा हमला किया जाएगा। नुवाल ने तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी, जिसके बाद सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया।

अमरावती से एक संदिग्ध हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंढाली पुलिस ने रंगदारी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जब उस मोबाइल नंबर की जांच की जिससे मैसेज भेजा गया था, तो वह अमरावती निवासी गजानन धुर्वे के नाम पर निकला। पुलिस ने फौरन गजानन को हिरासत में ले लिया।

नशे की लत या कोई गहरी साजिश

हिरासत में लिए गए गजानन धुर्वे से जब कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने दावा किया कि उसके पास तो मोबाइल फोन ही नहीं है। जांच में पता चला कि गजानन शराब का आदी है और वह चार महीने पहले सोलर प्लांट में एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी कर चुका है। अब पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि क्या गजानन ने नशे की हालत में यह हरकत की है या किसी और ने उसके सिम कार्ड का इस्तेमाल कर नुवाल को धमकी दी है।