Pench National Park’s legendary tigress T20 ‘Langdi’ died: मध्य प्रदेश के सिवनी स्थित पेंच नेशनल पार्क की प्रसिद्ध और लेजेंडरी बाघिन टी20 लंगड़ी का 18 वर्ष की आयु में शनिवार को निधन हो गया. टूरिया गेट के कोर जोन में रहने वाली यह बाघिन प्रदेश के बाघों में सबसे उम्रदराज मानी जाती थी. वन विभाग के अनुसार बाघिन कर्माझिरी रेंज में मृत अवस्था में मिली. प्रारंभिक जांच में उसकी मौत का कारण बढ़ती उम्र बताया जा रहा है.
हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विभाग ने विसरा के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं. लंगड़ी बाघिन अपने जीवन की शुरुआत से ही खास थी. बचपन में ही उसका एक पैर कमजोर हो गया था जिसके कारण वह हल्की लंगड़ाहट के साथ चलती थी. इसी वजह से उसे लंगड़ी कहा जाने लगा. शारीरिक कमी के बावजूद उसने वर्षों तक पेंच के जंगल में अपना वर्चस्व बनाए रखा और पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही.
जानकारी अनुसार उसने 20 के करीब बच्चों को जन्म दिया. बॉक्स… सुपर मॉम कॉलरवाली के बाद पेंच की पहचान बनी पेंच के इतिहास में कॉलरवाली बाघिन के बाद लंगड़ी का भी अलग ही रुतबा रहा. साल 2005 में जन्मी कॉलरवाली बाघिन की 2022 में 17 वर्ष की उम्र में मौत हो गई थी. कॉलरवाली को सुपर मॉम के रूप में जाना जाता था और वह लंगड़ी की बहन थी. कॉलरवाली के जाने के बाद पेंच के जंगल में लंगड़ी बाघिन की पहचान और भी खास हो गई थी. अब उसके निधन से पेंच नेशनल पार्क ने अपनी एक और यादगार और प्रिय बाघिन को खो दिया है.