नागपुर में सक्करदरा डबल मर्डर मिस्ट्री; नाले में फेंके खून से सने कपड़े, भागने से पहले 3 गिरफ्तार
Nagpur Crime News: नागपुर के सक्करदरा में हुए दोहरे हत्याकांड में क्राइम ब्रांच ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार होने से पहले कपड़े बदलने वाले आरोपियों को कोर्ट ने 18 जून तक पुलिस रिमांड मे
- Written By: रूपम सिंह
दोहरे हत्याकांड क्राइम ब्रांच (सोर्स - Ai)
Nagpur Sakkardara Double Murder: सक्करदरा परिसर में बुधवार की रात हुई सोमवारी क्वार्टर निवासी आदित्य गजानन भोंडवे (27) और बजरंगनगर, मानेवाड़ा रोड निवासी आदित्य मनोज राउलकर (24) की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। बताया जाता है कि आरोपियों ने फरार होते ही अपने कपड़े नाले में फेंक दिए थे। अपने दोस्त के माध्यम से नए कपड़े मंगवाए और शहर से बाहर भागने की तैयारी में थे।
इसी दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में नरसाला निवासी वैभव उर्फ दादू प्रदीपराव डोंगरे (30), रघुजीनगर निवासी वेदांत उर्फ डब्बा अजय डबिर (20) और न्यू नंदनवन निवासी अभिषेक उर्फ तात्या उत्तम राऊत (26) का समावेश है। मुख्य आरोपी ऋषि पुट्टेवार की सरगर्मी से तलाश जारी है। आदित्य भोंडवे के खिलाफ मारपीट, सेंधमारी और लूटपाट के मामले दर्ज हैं।
वह सेंधमारी के प्रयास में वैभव डोंगरे के साथ रंगेहाथ पकड़ा गया था। ऋषि पुट्टेवार पर भी हत्या सहित अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं। पिछले कुछ समय से सभी आपराधिक गतिविधियों से दूर थे। ऋषि ने सक्करदरा गोंड मोहल्ला के पास फ्रूट की दुकान शुरू की। सभी उसकी दुकान में काम करने लगे। भोंडवे को नशे की लत थी। विगत 9 मई को उसने ऋषि की दुकान पर चौकीदारी करने वाले बंडू मामा उर्फ अनिल भवते (60) के साथ जबरदस्ती विवाद कर मारपीट की थी।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai Rain: अलर्ट के तीन दिन! मुंबई में फिर लौटेगी आफत की बारिश, हवामान विभाग ने जारी की चेतावनी
संभाजीनगर को बड़ी सौगात: 67.80 किमी लंबे नए ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी, 46 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
रमाई आवास योजना में फर्जीवाड़े की जांच तेज, 425 मामलों की पड़ताल; 424 आवेदनों में दस्तावेज अधूरे
लाइसेंस खत्म होने के बाद भी बेची दवाएं, हेल्थकेयर कंपनी के निदेशक को 3 साल की सजा
दूसरे दिन ऋषि ने उसे जमकर फटकार लगाई और काम से निकाल दिया। उसने अभिषेक राऊत को काम पर रख लिया था। मंगलवार की रात भी वह ऋषि से पैसे मांगने गया और दुकान में मौजूद वैभव से उसका विवाद हो गया। बुधवार की रात फिर भोंडवे अपने दोस्त आदित्य राउलकर के साथ दुकान पर गया और पैसों की मांग की। यहां विवाद बढ़ता गया और चारों ने मिलकर भोंडवे और राउलकर पर धारदार हथियार से वार किया।
यह भी पढ़ें: – नागपुर के वांजरा में पानी के लिए हाहाकार; 4 महीने से टूटी पाइपलाइन, मरम्मत के लिए अधिकारी ने मांगा MLA फंड
कोर्ट ने 18 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा
हत्या को अंजाम देते ही आरोपी विहिरगांव गारगोटी नाले के पास पहुंचे। वहां से अपने दोस्त निरंजन दलवी और लोकेश राचलवार से संपर्क किया। उनसे साफ-सुथरे कपड़े लाने को कहा, जबकि खून से सने अपने कपड़े आरोपियों ने नाले फेंक दिए। नागपुर पुलिस लगातार आरोपियों के लोकेशन खंगाल रही थी। इस बीच निरंजन और लोकेश से बातचीत होने का पता चला। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की।
तब आरोपियों के विहिरगांव में होने का पता चला। तत्काल क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ऋषि पहले ही अलग दिशा में भाग निकला था। गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उन्हें 18 जून तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए है।
