नागपुर स्टेशन, गांजा जब्त, आरपीएफ, आरोपी को गिरफ्तार, प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI) 
नागपुर

आरपीएफ के डॉग 'प्रिंस' का कमाल; नागपुर स्टेशन पर 3.02 लाख रूपए के गांजे के साथ एमपी का तस्कर गिरफ्तार!

Nagpur Railway Station: नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 15.10 किलो गांजा जब्त कर मध्य प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.02 लाख रुपये बताई गई।

अंकिता पटेल

Nagpur Railway Station Ganja Seized: नागपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.10 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.02 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश के सीहोर निवासी आनंद चौहान को गिरफ्तार किया गया, जिसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लोहमार्ग पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

संदिग्ध गतिविधि ने बढ़ाया शक

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) की टीम स्टेशन परिसर में नियमित गश्त कर रही थी। टीम में सीआईबी के अजय सिंह, जसबीर सिंह, डॉग हैंडलर नीरज शर्मा तथा नारकोटिक्स डिटेक्शन डॉग 'प्रिंस' शामिल थे।

दोपहर करीब 3.40 बजे जब पुरी-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12843) प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची, तभी टीम की नजर फुट ओवरब्रिज के मुंबई छोर पर ट्रॉली बैग लेकर तेजी से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे एक युवक पर पड़ी। उसकी संदिग्ध गतिविधियों और घबराहट भरे व्यवहार को देखकर आरपीएफ जवानों को शक हुआ।

पीछा कर टीटीई कार्यालय के पास पकड़ा

संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने युवक का पीछा किया और उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित टीटीई कार्यालय के पास रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आनंद चौहान बताया। इसके बाद अधिकारियों ने उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बैग से खाकी रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें कुल 15.10 किलोग्राम गांजा मिला। अधिकारियों ने जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 2 हजार रुपये आंकी है।

लोहमार्ग पुलिस करेगी आगे की जांच

आरपीएफ ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पूरा मामला आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए लोहमार्ग पुलिस को सौंप दिया गया।

प्राथमिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। नागपुर रेलवे स्टेशन पर की गई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Bank Holiday Today: आज इन राज्यों में बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले जरूर देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

2008 दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी साकिब निसार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत याचिका हुई खारिज

Weather Update: दिल्ली से बिहार तक मौसम बिगड़ेगा, IMD ने जारी किया भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का बड़ा अलर्ट

ऑपरेशन सिंदूर में क्या भारत ने किराना हिल्स पर किया था हमला? पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने बताई पूरी सच्चाई

हेमंत कैबिनेट के 53 बड़े फैसले: 100 उत्कृष्ट स्कूल, 606 थानों में CCTV, मेडिकल कॉलेजों को करोड़ों की सौगात