

Nagpur Drug Trafficking, Arrest: नागपुर अपने वाहन में गांजा की तस्करी करने वाले ट्रक चालक को क्राइम ब्रांच की टीम ने गोपनीय जानकारी के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से 35.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। उससे माल लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद शफीक मोहम्मद जहूरुद्दीन खान (32) बताया गया।
क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा शाखा को जानकारी मिली थी कि एक ट्रक चालक अपने वाहन में गांजा लेकर वाड़ी रोड पर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अमरावती रोड पर ईडीएम अड्डा लाउंज के सामने ट्रक क्र. डी.एन.09-वी.9012 के चालक को पकड़ा।
वह किसी के इंतजार में था। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो पिछले हिस्से में सफेद रंग की 2 बोरी दिखाई दी। पुलिस ने बोरी खोली तो उसमें गांजा के पैकेट दिखाई दिए। वजन करने पर 35 किलो 500 ग्राम माल होने का पता चला। पूछताछ में शफीक ने बताया कि यह माल अयाज खान नामक दोस्त ने लाकर दिया था।
पुलिस ने आरोपी से गांजा, मोबाइल और ट्रक सहित 23 लाख रुपये का माल जब्त कर लिया। दोनों के खिलाफ वाड़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर दर्शन पाटिल, एपीआई शिवाजी ननवरे, हेड कांस्टेबल शेषराव राऊत, अश्विन मांगे, कुणाल मसराम, नितिन वासनिक और ऋषिकेश डुमरे ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
ओडिशा से माल लेकर नागपुर आए 2 गांजा तस्करों को कलमना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में बदनापुर, मध्य प्रदेश निवासी सोम महेश बेडिया उर्फ कालखोर (29) और मुरैना, मध्य प्रदेश निवासी आसिम खान जमील खान (34) का समावेश है। शुक्रवार की रात 11 बजे पुलिस दस्ता परिसर में गश्त कर रहा था।
कलमना के चिकली परिसर में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दोपहिया वाहन क्र. एम. एच.34-ए.जी. 2036 पर संदेहास्पद स्थिति में जाते देखा। उन्हें रोककर तलाशी लेने पर बैग में 4 किलो 168 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर 1.30 लाख रुपये का माल बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि आसिम ओडिशा से गांजा खरीद कर लाया था।
सोम की रिश्तेदार चंदा कालखोर भरतवाड़ा परिसर में रहती है। सोम भरतवाड़ा इलाके में माल बेचने की तैयारी से आया था। इंस्पेक्टर प्रवीण काले, कलीम पठान, पीएसआई गजानन राऊत, हेड कांस्टेबल प्रमोद कंगाले, विशाल भैसारे, नितिन मिश्रा, ललित शेंडे, अविनाश ग्वालबंशी और अजय गटलेवार ने कार्रवाई को अंजाम दिया।