पालासावली में दर्दनाक हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Cement Mixer Crushed Driver: पारशिवनी तहसील के अंतर्गत पालासावली परिसर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सीमेंट रोड निर्माण कार्य के दौरान देर रात हुआ, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करंभाड वार्ड नंबर 1 निवासी ज्ञानेश्वर विनायक वांढरे (40) ने पारशिवनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका भतीजा कोमल गणपत वांढरे (30) नियोजन बिलटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था।
मंगलवार 24 मार्च की रात करीब 11.45 बजे भोजन करने के बाद कोमल वांढरे रोड के किनारे खड़ी अपनी गाड़ी के पास सो गया था। इसी दौरान मिलर हाड्रा सीमेंट वाहन (क्रमांक एमएच48/एवाई/2362) के चालक ने बिना आसपास देखे लापरवाहीपूर्वक वाहन पीछे लिया, जिससे गाड़ी का पहिया सो रहे कोमल वांढरे के ऊपर से गुजर गया।
यह भी पढ़ें – अशोक खरात ने जयंत पाटिल को कराया ‘रक्तस्नान’, BJP नेता के दावे से गरमाई राजनीति, पूरा कनेक्शन आया सामने
इस भीषण हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक को ग्रामीण अस्पताल पारशिवनी लाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पारशिवनी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की जांच पुलिस निरीक्षक राजेशकुमार थोरात के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल संदीप नागोसे द्वारा की जा रही है।