पुराना भंडारा रोड पर चला बुलडोजर (सौजन्य-एक्स)
Nagpur Road Widening Project: अंतत: 27 वर्षों से लटके पुराना भंडारा रोड डीपी रोड के चौड़ाईकरण व सीमेंटीकरण का कार्य शुरू होने का रास्ता साफ करना शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी विपिन इटनकर के आदेश पर 16 फरवरी की सुबह से ही बाधित प्रॉपर्टी के हिस्सों पर बुलडोजर चलना शुरू हो गया। स्वयं इटनकर व मनपा के वरिष्ठ अधिकारी ने कार्रवाई स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
मंगलवार को भी सुबह से ही तोड़ूदस्ता जेसीबी लेकर रोड पर पहुंच गया। शनि मंदिर से लेकर भगवाघर चौक तक और उसके आगे वाडिया दवाखाने तक बुलडोजरों की मदद से जबरदस्त कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग व मनपा के अधिकारियों के साथ ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
पूरे रोड में हर 10-15 घर के बाद पुलिस की टीम तैनात रही, ताकि किसी तरह के तनाव की स्थिति पर मामले को संभाला जा सके। हालांकि कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से हुई। बाधित नागरिकों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। अनेक तो अपनी दुकान-मकान के बाधित हिस्सों को खुद ही मजदूर लगाकर तोड़ रहे हैं।
मौके पर मौजूद एक अधिकारी के अनुसार, जिन सम्पत्तिधारकों को मुआवजा की राशि वितरित कर दी गई है उन सम्पत्तियों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लगभग 40 से अधिक इमारतों पर जेसीबी का पंजा चलाया जा चुका है। शनि मंदिर से लेकर भगवाघर चौक तक एवं उसके आगे वाडिया दवाखाने तक और वाडिया दवा खाने से लेकर नालसाहब चौक तक लगभग 7-8 जेसीबी लगाए गए थे।
ट्रकों में मलबा लोड कर तत्काल ही वहां से हटाया जा रहा था। तोड़ू कार्रवाई के दौरान यातायात के लिए रोड को बंद कर दिया गया था। जिन हिस्सों में कार्रवाई शुरू की गई वहां अमूमन हर दुकानदार व मकान मालिक अपने सामान सुरक्षित बाहर निकालते नजर आए।
अनेक तो कुछ दिन पूर्व से ही बाधित हिस्सों को खुद ही तोड़ रहे हैं। नागरिकों ने बताया कि कुछ ऐसे मकानधारक हैं जहां मामला विवादास्पद है, अतः दस्ते द्वारा इनके मकान को हटाए जाने का इंतजार भी किया जा रहा है।
एक ओर मेयो हॉस्पिटल साइड से कार्रवाई शुरू की गई वहीं दूसरी ओर सतरंजीपुरा चौक सुनील होटल साइड से भी 3 बुलडोजर द्वारा तोड़ू कार्रवाई की शुरुआत की गई। जानकारी के अनुसार बुधवार, 18 फरवरी को भी सुबह से तोड़ू कार्रवाई शुरू की जा सकती है। प्रशासन ने 3 दिनों का अपना कार्यक्रम निश्चित किया है।
यह भी पढ़ें – क्या 15 साल पुराने शिक्षक पास कर पाएंगे TET? SC के आदेश ने बदले समीकरण, 15% अंकों की छूट की उठी मांग
मंगलवार को दोपहर तक भू-संपादन, मनपा, सिटी सर्वे के अधिकारी कार्रवाई स्थल पर उपस्थित रहकर स्वयं निगरानी कर रहे थे। जानकारी यह भी मिली है कि अनेक बाधित सम्पत्तिधारकों ने मुआवजा नहीं मिलने या फिर उन्हें लटका कर रखने की शिकायतें की हैं। कुछ सम्पत्तिधारकों ने अपने मकान तोड़ने का काम देर रात तक शुरू रखा।
जिलाधिकारी ने 16 फरवरी की शाम 4 बजे पुराना भंडारा रोड का निरीक्षण किया था। उन्होंने संबंधितों को आदेश दिया था कि जितना हिस्सा खाली हो जाए वहां तुरंत सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। कुछ नागरिकों ने बताया कि गांजा खेत से तीन नल चौक एवं तीन नल चौक से लेकर शहीद चौक तक अनेक बहुमंजिला व्यापारिक संकुल हैं।
इनके मालिकों ने कार्रवाई किसी भी तरह से रोकने के लिए जोर लगा रखा है। देखना होगा कि पुराना भंडारा रोड को प्रशासन पूरी तरह खाली कराने में सफल होता है या फिर कुछ हिस्सों के निर्माण के बाद फिर यह मामला लटक जाएगा।