Nagpur News: आवारा पशुओं पर लगाम लगाने की मांग एक बार फिर से उठाई गई है। नागपुर के विधायक प्रवीण दटके ने हाल ही में महल क्षेत्र में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया।
महल इलाके में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास एक रेबीज संक्रमित आवारा भैंस ने अचानक कई नागरिकों को टक्कर मार दी, जिससे 8 लोग घायल हो गए और एक बुजुर्ग नागरिक की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद शहर में आवारा पशुओं के खतरे को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विधायक दटके ने विधानसभा में कहा कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और इससे नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि शहर के बाहर उपयुक्त स्थान तय कर आवारा पशुओं के लिए शेल्टर बनाए जाएं।
इसके साथ ही, उन्होंने पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी द्वारा प्रस्तावित नंदीग्राम परियोजना का उल्लेख किया और कहा कि इस परियोजना को जल्द अमल में लाने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।