नागपुर में कबाड़ बने स्मार्ट सिटी के सभी 65 कियोस्क, करोड़ों खर्च के बाद एक भी मशीन चालू नहीं; हिसाब भी गायब

Nagpur Smart Kiosk Scam: नागपुर में स्मार्ट सिटी के 65 कियोस्क में से एक भी चालू नहीं है। नगरसेवक केतन ठाकरे ने मशीनों की बदहाली और खर्च का विवरण नहीं मिलने पर स्वतंत्र जांच की मांग की।
Nagpur Smart City 65 kiosks Defunct Non-Functional
नागपुर स्मार्ट सिटी के सभी 65 कियोस्क बंदसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • नागपुर में लगाए गए सभी 65 स्मार्ट कियोस्क बंद पड़े हैं।

  • कुछ स्थानों से मशीनें चोरी, कई कियोस्क बदहाल।

  • नगरसेवक केतन ठाकरे ने स्वतंत्र जांच और खर्च का हिसाब मांगा।

Nagpur Smart City 65 kiosks Defunct Non-Functional: नागपुर में नागरिकों को डिजिटल सेवाएं देने के लिए लगाए गए 65 स्मार्ट कियोस्क में से एक भी चालू नहीं है। नगरसेवक केतन ठाकरे ने आधिकारिक जानकारी के आधार पर योजना के रखरखाव और खर्च पर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। स्मार्ट सिटी प्रशासन के अनुसार, कियोस्क पर हुए खर्च का विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं है।

65 स्मार्ट कियोस्क हुए बेकार

नागपुर शहर को डिजिटल सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए 65 स्मार्ट कियोस्क अब बदहाल स्थिति में हैं। नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, डिजिटल मैप और ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थापित इन इलेक्ट्रॉनिक केंद्रों में से एक भी फिलहाल चालू नहीं है। कई स्थानों पर मशीनें गायब हैं, जबकि कुछ कियोस्क के आसपास आवारा कुत्तों का डेरा और लोगों का जमावड़ा दिखाई देता है।

नगरसेवक केतन ठाकरे की ओर से मांगी गई आधिकारिक जानकारी के बाद यह मामला सामने आया है। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन, रखरखाव और खर्च को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

मशीनें चोरी, कियोस्क की हालत खराब

कभी डिजिटल सेवाओं का केंद्र माने जाने वाले ये कियोस्क अब उपयोग से बाहर हैं। आरोप है कि कई स्थानों से मशीनें चोरी हो चुकी हैं और जहां ढांचा मौजूद है, वहां भी उपकरण बंद पड़े हैं। नागरिकों को जिन सुविधाओं का लाभ देने का दावा किया गया था, वे अब उपलब्ध नहीं हैं।

ठाकरे ने सवाल उठाया कि जब कियोस्क लंबे समय से बंद थे, तब जिम्मेदार अधिकारियों ने उनका निरीक्षण क्यों नहीं किया? रखरखाव के नाम पर भुगतान हुआ या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

Nagpur Smart City 65 kiosks Defunct Non-Functional
कुर्ला गार्डन की घटना के बाद जागी बीएमसी, मुंबई के संवेदनशील गार्डन में लगेंगे सीसीटीवी

765 करोड़ की परियोजना, खर्च का विवरण नहीं

नागपुर स्मार्ट एंड सस्टेनेबल सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड से 21 अक्टूबर 2026 को मिले लिखित जवाब के अनुसार, कियोस्क परियोजना महाआईटी के माध्यम से लागू की गई थी। शुरुआत में इनके रखरखाव की जिम्मेदारी एलएंडटी कंपनी के पास थी। अगस्त 2024 से अगले पांच वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी केल्ट्रॉन कंपनी को सौंपी गई।

नागपुर स्मार्ट सिटी की व्यापक परियोजना के लिए 765 करोड़ रुपये का फंड निर्धारित था। हालांकि, इन 65 कियोस्क पर वास्तव में कितना खर्च हुआ, इसका विस्तृत विवरण प्रशासन के पास उपलब्ध नहीं है। स्मार्ट सिटी प्रशासन ने बताया कि महाआईटी से बार-बार पत्राचार के बावजूद खर्च का पूरा ब्योरा प्राप्त नहीं हुआ।

Nagpur Smart City 65 kiosks Defunct Non-Functional
नागपुर के SIR में छूटे 14.43 लाख मतदाताओं को फिर मौका, 30 नवंबर तक जुड़वा सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम

परिवहन विभाग को सौंपने की तैयारी पर सवाल

बंद पड़े कियोस्क को महानगरपालिका के परिवहन विभाग को सौंपने की चर्चा पर भी सवाल उठ रहे हैं। ठाकरे ने मांग की है कि पहले पूरी योजना की स्वतंत्र जांच कराई जाए और जनता के पैसे के खर्च का पाई-पाई हिसाब सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को महानगरपालिका सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।