

Highlights:
कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में कपल से मारपीट और बदसलूकी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।
बीएमसी के शहर में 300 से अधिक गार्डन और करीब 400 से ज्यादा खेल मैदान हैं।
बीएमसी संवेदनशील गार्डन में सीसीटीवी लगाने के लिए जल्द टेंडर निकालने की तैयारी कर रही है।
Mumbai Park Safety: मुंबई के कुर्ला के फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में कपल से मारपीट व बदसलूकी की घटना के बाद बीएमसी के गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
शहर में बीएमसी के 300 से अधिक गार्डन और करीब 400 से अधिक खेल मैदान (प्लेग्राउंड) है। स्थानीय रहवासियों व नगरसेवकों का कहना है कि कई गार्डन व खेल के मैदान ऐसे हैं, जो असामाजिक तत्वों का अड्डा बनते जा रहे हैं।
कही कोई नशा व शराब का सेवन करता है, तो कही लोग गार्डन के झूलों व अन्य सार्वजनिक संपत्ति के साथ तोड़फोड़ करते हैं। बीएमसी प्रशासन ने नवंबर 2025 में शहर के कुछ गार्डन में सीसीटीवी लगाने का फैसला किया था। प्रशासन का कहना था कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कुछ गार्डन में सीसीटीवी लगाया जाएगा, लेकिन तब से लेकर अब तक कुछ ठोस कदम नहीं उठाए गए। कुर्ला गार्डन की घटना के बाद एक बार फिर बीएमसी प्रशासन हरकत में आया है और ठंडे बस्ते में गए प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने का फैसला किया है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में हुई घटना के बाद शहर के कुछ संवेदनशील गार्डन में सीसीटीवी लगाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही संवेदनशील गार्डन की लिस्ट तैयार की जाएगी। इसे पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत किया जाएगा।
अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है तो बीएमसी के अन्य गार्डन व प्लेग्राउंड में भी सीसीटीवी लगाया जाएगा। बता दें कि बाजार व उद्यान समिति की अध्यक्ष व नगरसेवक हेतल गाला ने कुछ महीने पहले बीएमसी आयुक्त को पत्र लिखकर बीएमसी के सभी गार्डन में सीसीटीवी लगाने का अनुरोध किया था। गाला ने सीसीटीवी के अलावा गार्डन में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने को भी कहा है।
बीएमसी वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बीएमसी के सभी गार्डन में सीसीटीवी लगाना एक जटिल प्रक्रिया है। हम जल्द ही सीसीटीवी लगाने के संबंध में बैठक कर फैसला कर रणनीति तैयार करेंगे।
बाजार व उद्यान समिति अध्यक्ष हेतल गाला ने कहा कि कुर्ला में प्रमोद महाजन गार्डन की घटना अत्यंत दुखद है। बीएमसी प्रशासन को मैंने पत्र लिखकर शहर के सभी बीएमसी गार्डन में सीसीटीवी लगाने का अनुरोध किया था। मै एक बार फिर प्रशासन को याद दिलाना चाहूंगी और अनुरोध करूंगी कि जल्द से जल्द सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया शुरू किया जाए। इसके अलावा एक पत्र मुंबई पुलिस आयुक्त को भी दिया गया है और संवेदनशील गार्डन में पेट्रोलिंग बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
गोवंडी के एमआईएम नगरसेवक जमीर कुरैशी ने कहा कि कुर्ला में जो हुआ वह निंदनीय है। एम ईस्ट वार्ड में गार्डन की हालत खस्ता है, यहां शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है जिससे गार्डन आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर खतरा मंडराता रहता है।
शहर में गार्डन पहले ही कम हैं, इसलिए जो बचे है उन्हें संभालना हमारी जिम्मेदारी है। असामाजिक तत्व गार्डन में तोड़फोड़ करते हैं। मैं कई बार बीएमसी अधिकारियों को गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के विषय को लेकर गुहार लगा चुका हूं, लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगती।
आम नागरिकों का कहना है कि कई गार्डन व खेल मैदानों का रखरखाव बेहद खराब है और उनमें मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है। तोड़फोड़ और चोरी की घटनाएं आम हैं, जिससे इन स्थलों की स्थिति और बिगड़ जाती है, रात में अपर्याप्त रोशनी के कारण विशेष रूप से शाम के समय आगंतुकों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। कुछ क्षेत्रों में केयरटेकर और निजी सुरक्षा कर्मी तैनात है, लेकिन केवल उनकी उपस्थिति से सुरक्षा की समस्या पूरी तरह हल नहीं हुई है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस विभाग को इन सार्वजनिक स्थलों में होने वाले अपराधों की जांच और रोकथाम में मदद करेगी, जिससे पार्क और मैदान सभी के लिए अधिक सुरक्षित बनेंगे।