Nagpur School Scam News: नागपुर के पांचपावली थाना क्षेत्र में स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर 45.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अल्पसंख्यक छप्परबंद मुस्लिम शिक्षण संस्था से जुड़े 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों में संस्था के संस्थापक लतीफ पठान (70, निवासी पापडी बु., जिला भंडारा), अध्यक्ष आरिफ लतीफ पठान (45), उपाध्यक्ष एवं गौसिया प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल (एकता कॉलोनी) की मुख्याध्यापिका निखत अफरोज, एकतानगर निवासी मोहम्मद अफजल (42), समिति सचिव एवं जुबेदा पी. स्कूल (वांजरा, यशोधरानगर) की मुख्याध्यापिका राहिल अमरीन कुरैशी तथा लष्करीबाग निवासी अब्दुल गफ्फार अब्दुल सत्तार कुरैशी (78) शामिल हैं।
शिकायतकर्ता फहरीन अफ्शा शेख (41) ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें, उनके भाई शेख इरशाद और बहन अमरीन अफ्शा समेत अन्य लोगों को संस्था द्वारा संचालित स्कूलों में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उन्हें यह भी बताया गया कि स्कूल 100 प्रतिशत शासकीय अनुदान पर चल रहे हैं, जबकि जांच में सामने आया कि संस्था को कोई अनुदान प्राप्त नहीं होता।
आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय पर रकम ली, जो कुल मिलाकर 45.50 लाख रुपये तक पहुंच गई। इसके बावजूद किसी को नौकरी नहीं दी गई। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें लगातार टालमटोल किया गया।
परेशान होकर पीड़ितों ने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पांचपावली पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति से भी इस प्रकार की ठगी की गई हो, तो वे संबंधित दस्तावेजों के साथ थाने में संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।