Bhandara Eid 2026 News: भंडारा में पवित्र रमजान महीने के समापन के साथ ईद-उल-फितर की तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। शनिवार 21 मार्च को मनाए जाने वाले इस त्योहार को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।
मस्जिदों और दरगाहों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, वहीं बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ा बाजार से लेकर पोस्ट ऑफिस चौक तक का मार्ग ग्राहकों से खचाखच भरा हुआ है। इफ्तार के बाद मेन रोड, मुस्लिम लाइब्रेरी चौक और बड़ा बाजार क्षेत्रों में देर रात तक रौनक बनी हुई है।
कुर्ता-पायजामा, टोपी, सैंडल और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से कुछ स्थानीय व्यापारियों ने कारोबार प्रभावित होने की बात भी कही है।
ईद के पारंपरिक व्यंजन शीरखुर्मा के लिए काजू, बादाम, खजूर, पिस्ता, चारोली और सेवइयों की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ है। खाड़ी देशों में तनाव और आयात प्रभावित होने के कारण सूखे मेवों के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है। कई वस्तुओं के दाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुने हो गए हैं। बाजार में सेवइयां 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रही हैं।
इस बार हाथ से बनी टोपियों की विशेष मांग देखी जा रही है। ईद की नमाज में इत्र और सुरमा का महत्व होने के कारण इत्र विक्रेताओं के यहां भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। युवाओं में पारंपरिक इत्र के साथ आधुनिक परफ्यूम और स्टाइलिश रुमाल का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ रहा है।
त्योहार को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि नागरिक शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद मना सकें।