नागपुर मनपा के बेड़े में शामिल हुए 34 नए वाहन, तंग गलियों में भी पहुंचेगी फायर ब्रिगेड, कचरा गाड़ियों और पोकलेन
Nagpur News: नागपुर मनपा ने शहर की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए 6 मिनी फायर टेंडर, 25 नए कचरा वाहन और आधुनिक पोकलेन मशीनों को हरी झंडी दिखाई। अब संकरी गलियों में भी राहत पहुंचेगी।
- Written By: आकाश मसने
नए वाहनों को शुभारंभ करतीं मेयर नीता ठाकरे (फोटो: नवभारत)
NMC 34 New Vehicles: नागपुर शहर के बढ़ते विस्तार और पुरानी बस्तियों की तंग गलियों की चुनौतियों को देखते हुए महानगर पालिका ने अपनी आपातकालीन और नागरिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बना लिया है। सोमवार को मनपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में महापौर नीता ठाकरे ने 6 नए ‘मिनी फायर टेंडर’, 25 कचरा संकलन वाहन और नालों की सफाई के लिए 3 पोकलेन मशीनों को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया।
संकरी गलियों में अब समय पर पहुंचेगी मदद
नागपुर शहर का क्षेत्रफल लगभग 227 वर्ग किलोमीटर है और शहर का विस्तार तेजी से हो रहा है। कई इलाकों में रास्ते इतने संकरे हैं कि आग लगने की स्थिति में बड़े अग्निशमन वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते, जिससे जान-माल की हानि का खतरा बना रहता है। इस बाधा को दूर करने के लिए वर्ष 2024-25 के बजट से लगभग 6 करोड़ 7 लाख 38 हजार 258 रुपये की लागत से 2000 लीटर क्षमता वाले 6 नए ‘मिनी फायर टेंडर’ खरीदे गए हैं। इन वाहनों का निर्माण सोलापुर की मेसर्स देवी फायर सर्विस द्वारा किया गया। अब शहर के पास कुल 10 मिनी फायर टेंडर हो गए हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में तत्काल सेवा देना संभव होगा।
जुर्माने की राशि से खरीदे गए 25 कचरा वाहन
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 25 नए ‘डोर टू डोर’ कचरा संकलन वाहन भी बेड़े में शामिल किए गए हैं। इन वाहनों की खरीद कचरा संकलन करने वाली कंपनियों बीवीजी और एजी पर लगाए गए 4,47,09,271 रुपये के जुर्माने की राशि से की गई। इनमें से 20 वाहन ज़ोन 1 से 5 के लिए और 5 वाहन ज़ोन 6 से 10 के लिए आवंटित किए गए, जो पुराने वाहनों की जगह लेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
Explainer: क्या है न्यू नागपुर प्रोजेक्ट, फडणवीस कैबिनेट के फैसले से आपको क्या फायदा होगा?
MBMC आयुक्त ने प्री-मानसून नाला सफाई कार्यों का लिया जायजा, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
महाराष्ट्र में अचानक मोबाइल पर क्यों बजा खतरनाक सायरन? जानिए ‘Extremely Severe Alert’ का पूरा सच
नितिन गडकरी के गढ़ में ही दावों की खुली पोल; 2 महीने का दावा, 5 महीने बाद भी अधूरा अजनी स्टेशन प्रोजेक्ट
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र BJP के नवनाथ बन बने मुख्य प्रवक्ता, चित्रा वाघ और सुजय विखे पाटिल को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
मानसून पूर्व नाला सफाई की तैयारी
आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनें मंगवाई गई हैं। इसमें बड़े नालों के लिए 25 टन की एक ‘लॉन्गबूम’ और छोटी नालियों की सफाई के लिए 5 टन व 3.5 टन की दो पोकलेन मशीनें शामिल हैं। महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि मनपा प्रशासन नागपुरवासियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सदैव कटिबद्ध है।
इस अवसर पर नागपुर की उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बारहाते और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ। गजेंद्र महल्ले सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
