इतिहास रचने से चूकी नागपुर मनपा! माया इवनाते के राज्यसभा जाने से बिगड़े समीकरण; कौन होगा नया अग्निशमन प्रमुख?
Nagpur Municipal Corporation News: नागपुर मनपा में 'महिला राज' के संकल्प को लगा ग्रहण। माया इवनाते की राज्यसभा उम्मीदवारी के बाद बदलेगा अग्निशमन समिति का सभापति। तुषार लारोकर की दावेदारी मजबूत।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर मनपा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Nagpur NMC Fire Committee Election: नागपुर महानगरपालिका में इतिहास बनाने के संकल्प के साथ देश में पहली बार मनपा में महिला राज स्थापित करने का भले ही प्रयास किया गया हो किंतु भाजपा के इस संकल्प को अब ग्रहण लगता दिखाई दे रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को मनपा में 10 समितियों के सभापति और उपसभापति के चुनाव होने जा रहे हैं जिनमें अग्निशमन समिति भी शामिल है।
विशेषत: अग्निशमन समिति के सभापति के रूप में पार्षद माया इवनाते के नाम पर सत्तापक्ष भाजपा की ओर से मुहर लगाई गई थी किंतु अब राज्यसभा सदस्य के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उनका नाम तय कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ही राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करना है,जबकि इसी दिन अग्निशमन विभाग समिति के सभापति के लिए भी नामांकन भरना है। ऐसे में अब भाजपा को अग्निशमन समिति का सभापति बदलना होगा।
सम्बंधित ख़बरें
कृषि विश्वविद्यालयों को स्टार्टअप्स व इन्क्युबेशन सेंटर शुरू करने के निर्देश, राज्यपाल वर्मा की अध्यक्षता
मुरबाड तथा अंबरनाथ की सीमा पर है MIDC का बारवीं बांध, पर्यटन क्षेत्र बनने के लिए
नितिन नबीन ने खिला दिया लड्डू…BJP में शामिल हुए राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल; AAP को बड़ा झटका
भाईंदर: अन्ना पैलेस ऑर्केस्ट्रा बार में छापा, गुप्त कमरे से 13 लड़कियां रेस्क्यू
समिति में अकेली महिला सदस्य थीं इवनाते
विशेषत: भाजपा की ओर से समिति में 6 सदस्यों के नाम दिए गए थे जिनमें पार्षद माया इवनाते अकेली महिला सदस्य थीं, जबकि अन्य 5 पुरुष पार्षदों को सदस्य के रूप में नामित किया गया था। बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर 3 बजे से समिति सभापति के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जाना है, जबकि चुनाव 6 फरवरी को होगा।
अब नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए ही माया इवनाते मनपा में उपस्थित नहीं रह पाएंगी। ऐसे में सभापति और उपसभापति के लिए पुरुष सदस्य का ही नाम देना होगा। ऐसे में पहली बार इतिहास रचने का संकल्प भी टूट जाएगा। सूत्रों का मानना है कि सत्तापक्ष भाजपा की ओर से इस समिति का चुनाव न हो, इसका प्रयास होगा।
चुनावी प्रक्रिया तो पूरी होगी
मनपा प्रशासन का मानना है कि समितियों के सभापति और उपसभापति के चुनाव के लिए सूचना जारी की जा चुकी है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने का समय घोषित हो चुका है।
यदि इस समयावधि में समिति के किसी भी सदस्य का नामांकन पत्र दाखिल होता है तो उसे स्वीकार किया जाएगा। यदि किसी भी सदस्य का नामांकन पत्र नहीं आता है तो नियमों की पड़ताल कर अगला निर्णय पीठासीन अधिकारी लेंगे। विभागीय आयुक्त की ओर से नियुक्त पीठासीन अधिकारी ही इसका निर्णय दे सकेंगे।
अग्निशमन एवं विद्युत विशेष समिति के इस तरह हैं सदस्य
– माया इवनाते- भाजपा
– तुषार लारोकर- भाजपा
– अमोल शामकुले- भाजपा
– बाबाराव तायडे- भाजपा
– लखन येरावार- भाजपा
– संजय अवचट- भाजपा
-प्रगति यादव- कांग्रेस
-सिराज अहमद अंसारी- कांग्रेस
-साइमा नाज़ फ़ैयाज़ क़ुरैशी (मुस्लिम लीग)
यह भी पढ़ें – राज्यसभा की रेस से बाहर हुईं नवनीत राणा! टिकट कटते ही छलका दर्द, बोलीं- किसी भी मोड़ से करूंगी नई शुरुआत
तकनीकी पेंच, लोरोकर होंगे सभापति
सूत्रों की मानें तो भाजपा की ओर से तुषार लारोकर को उपसभापति बनाया जाना था जिसके लिए उन्हें नामांकन पत्र दाखिल करने की हिदायतें भी दी गई थीं किंतु अब माया इवनाते का सभापति के रूप में नामांकन पत्र संभव नहीं होने से तकनीकी पेंच खड़ा हो गया है।
ऐसे में लारोकर को ही सभापति के रूप में मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि समिति के सभी सदस्यों को पार्टी की ओर से नामांकन पत्र दाखिल करते समय उपस्थित रहने की सूचना पार्टी की ओर से जारी कर दी गई है। अब केवल सभापति और उपसभापति की माला किसके गले में पड़ती है, यह देखने लायक होगा।
