NMC Budget 2026: नागपुर मनपा का 5,840 करोड़ का बजट पेश, शहर को टॉप-3 में लाने का लक्ष्य, जानें खास बातें
Nagpur NMC Budget 2026: नागपुर मनपा का ₹5,840 करोड़ का बजट पेश। मनपा आयुक्त विपिन इटनकर का लक्ष्य- नागपुर को देश के टॉप-3 शहरों में लाना। ग्रीन बॉन्ड्स और डिजिटल स्कूलों पर विशेष जोर।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर मनपा का बजट पेश (सौजन्य-नवभारत)
Dr. Vipin Itankar NMC: नागपुर में शुक्रवार को मनपा आयुक्त विपिन इटनकर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 5,840.65 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि सिटी को महाराष्ट्र और देश के शीर्ष 3 महानगरों में शामिल करने के उद्देश्य से बजट में प्रावधान किए गए हैं।
बजट में गुणवत्तापूर्ण कार्य, पारदर्शिता और गतिशीलता पर विशेष ध्यान दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी। पत्र परिषद में अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अति. आयुक्त वैष्णवी. बी, मुख्य लेखा व वित्ति अधिकारी शेलके आदि उपस्थित थे।
बजट के मुख्य आंकड़े
- कुल अनुमानित खर्च (2026-27) : 5,840.65 करोड़
- कुल अनुमानित आय (2026-27) : 5,541.31 करोड़
- मनपा का अपना कोष (स्वनिधि) : 3,889.48 करोड़
- सरकारी अनुदान : 1651.83 करोड़
- अनुमानित बचत (शिल्लक) : 116.65 करोड़
- जीएसटी अनुदान : 1,913.68 करोड़ मिलने की उम्मीद।
- संपत्ति कर : 375 करोड़ का लक्ष्य। इसके लिए नई संपत्तियों को टैक्स नेट में लाने हेतु तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
- नगर रचना विभाग : टीओडी, टीडीआर और बिल्डिंग परमिशन से 450 करोड़ की आय का अनुमान।
- जल प्रदाय : 275 करोड़ का लक्ष्य।
- मुद्रांक शुल्क : 70 करोड़।
200 करोड़ के बांड जारी करेगी मनपा
मनपा आयुक्त विपिन इटनकर ने कहा कि महानगर पालिका अपनी परियोजनाओं के लिए जनता से पैसा जुटाने हेतु 200 करोड़ रुपये के ग्रीन बॉन्ड जारी करेगी। इस पर निवेशकों को 8-9% रिटर्न मिलने की संभावना है, जबकि केंद्र सरकार से सब्सिडी मिलने के बाद निगम को यह प्रभावी रूप से 6% दर पर पड़ेगा।
सम्बंधित ख़बरें
वालधुनी नदी के पानी की दुर्गंध से परेशान है लोग, हर दिन बदलता है पानी का रंग
धीरेंद्र शास्त्री के दावे पर महाराष्ट्र में मचा बवाल! नागपुर में फटे बागेश्वर बाबा के पोस्टर, देखें VIDEO
देश की सबसे ऊंची मेट्रो लाइन का काम तेज, पश्चिम व मध्य रेलवे को करेगी क्रॉस, 42 मीटर का स्टील स्पैन हुआ लांच
परतवाडा मामले में तीसरी पीडिता आई सामने, एसआईटी को दिया बयान
इसी तरह से मनपा के 75वें वर्ष (अमृत महोत्सव) के उपलक्ष्य में शहर में 75 थीम आधारित उद्यान (जैसे बटरफ्लाई गार्डन, एडवेंचर पार्क) और 75 खेल मैदान (टेनिस, स्केटिंग, बॉक्सिंग आदि) विकसित किए जाएंगे। इसके लिए 90 करोड़ रुपये का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आईटीएमएस प्रोजेक्ट के लिए 169 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात में अनुशासन बढ़ेगा।
24 बाय 7 योजना पर हो रहा काम
उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजना के तहत जीका (JICA) प्रोजेक्ट के लिए 1900 करोड़ रुपये और अमृत-2 योजना के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक के काम जारी हैं। 15 लाख टन ‘लिगेसी वेस्ट’ को खत्म करने के लिए 119 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कूड़े से मीथेन गैस बनाकर आय अर्जित करने की भी योजना है। देवडिया अस्पताल को ‘स्टेट ऑफ द आर्ट’ सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां टर्शरी ट्रीटमेंट तक की सुविधा मिलेगी।
मॉडल स्कूलों के लिए इंटरनेशनल कम्पनियों के साथ एमओयू
इटनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अगले एक साल में नारी, पुनापुर और जयताला में 2000 नए घरों का आवंटन करने का लक्ष्य है। सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर ‘मॉडल’ और ‘डिजिटल’ स्कूल बनाया जाएगा। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ एमओयू करने की योजना है।
विदर्भ के युवाओं को एमपीएससी और बैंकिंग परीक्षाओं में मदद के लिए पुस्तकालयों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। महिला बचत समूहों के उत्पादों की मार्केटिंग के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से ‘जिजाऊ स्मृति शोधन संस्था’ बनाई जाएगी। दिव्यांगों के लिए कॉक्लियर इंप्लांट और स्वरोजगार हेतु 60,000 रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र में खुलेंगे भूमि अभिलेख के 49 नए कार्यालय, विभाग के 994 नए पदों पर होगी भर्ती
महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स
- मछली बाजार : 21 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक फिश मार्केट का निर्माण।
- डॉग शेल्टर : भांडेवाड़ी में 10 करोड़ से चिकित्सा केंद्र और निवारा।
- ऑरेंज सिटी स्ट्रीट : इस प्रोजेक्ट के भूखंडों की बिक्री से निगम को 2,000 से 2,500 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है।
अनुदान के भरोसे बजट
उल्लेखनीय है कि मनपा आयुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 5,438.61 करोड़ का बजट पेश किया था जिसमें नगर रचना के बाद सम्पत्ति कर विभाग, जलप्रदाय विभाग आदि से बड़ी आय होने का अनुमान लगाया था किंतु अनुमान के अनुसार आय का लक्ष्य काफी पीछे छूट गया है।
इसके बावजूद राज्य सरकार से मिलने वाली 1,651 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद और कर्ज के भरोसे प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 5,840 करोड़ से अधिक का बजट पेश किया है। बताया जाता है कि इस वित्तीय वर्ष में विशेष रूप से नाग नदी और पोहरा नदी प्रकल्प को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
