नागपुर मनपा का फिजूलखर्ची मॉडल: सुरेश भट सभागृह के बजाय प्रांगण में ग्रैंड इवेंट, उठ रहे सवाल!

NMC Appointment Event: नागपुर मनपा के 10 कर्मचारियों को प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम पर 25 लाख रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसे लेकर फिजूलखर्ची पर सवाल उठने लगे हैं।
Nagpur Municipal Corporation's model of wasteful expenditure: Grand event held in the courtyard instead of the Suresh Bhat Hall; questions raised!
नागपुर मनपा, फिजूल खर्ची, (सोर्स सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur NMC Event Spending: नागपुर महानगर पालिका में फिजूल खर्ची भले ही कोई नई बात न हो, लेकिन आश्चर्यजनक बात यह कि रविवार को मनपा में होने जा रहे कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 10 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने है। इस कार्यक्रम पर 25 लाख रुपये से अधिक का खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

हालांकि यही कार्यक्रम नाममात्र खर्च में मनपा के सुरेश भट सभागृह में भी हो सकता था। कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर जानकारी देते हुए महापौर नीता ठाकरे ने बताया कि महानगर पालिका ने शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं। 26 जुलाई को शाम 5 बजे महानगर पालिका के प्रांगण में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। पत्र परिषद में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी और परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे उपस्थित थे।

5 लाख पौधारोपण का महाअभियान

शहर को हरा-भरा बनाने के लिए महानगर पालिका ने 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए नागरिकों, गणेश मंडलों, दुर्गा मंडलों और पर्यावरण संस्थाओं की मदद ली जा रही है।

पौधारोपण की पारदर्शिता और पेड़ों के जीवित रहने की दर सुनिश्चित करने के लिए पौधे ले जाने वाले नागरिकों से 2-3 साल तक उसकी देखभाल करने का हमीपत्र लिया जाएगा और सभी पौधों की 'जियो टैगिंग' की जाएगी, गड्ढे खोदने के कार्य में तेजी लाने के लिए 'मॉयल' के माध्यम से 10 मशीने ली जा रही है। इस महाअभियान में रायसोनी संस्था ने अकेले 1 लाख पौधे लगाने और उनके लिए गड्ढे खोदने की जिम्मेदारी ली है।

डिजिटल 'वाट्सएप टिकटिंग' सेवा

डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देते हुए 26 जुलाई को सिटी बसों के लिए पेपरलेस 'वाट्‌सएप टिकटिंग' प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा। परिवहन समिति के अनुसार नागरिक अब बस स्टॉप पर खड़े होकर या घर बैठे केवल वाट्सएप के माध्यम से अपनी टिकट निकाल सकेंगे।

इस नई प्रणाली के जरिए यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेगी। टिकट निकालते ही यात्रियों को बस का रूट मैप और बस के आने का वास्तविक समय (जैसे 5 या 10 मिनट में) मोबाइल पर ही दिखाई देगा। यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों के लिए फायदेमंद होगी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने के कारण बस में खुल्ले पैसों (चिल्लर) की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।

579 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र, 476 सफाईकर्मी होंगे नियमित

महानगर पालिका द्वारा कुल 579 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने हैं। इनमें लाड-पागे समिति की सिफारिशों के तहत 476 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। इसके अलावा हाल ही में हुई सीधी भर्ती परीक्षा के माध्यम से क्लर्क और लाइब्रेरी स्टाफ सहित 103 अन्य कर्मचारियों की भी नियुक्ति की गई है।

महापौर का मानना है कि चूंकि ये कर्मचारी महानगर पालिका के ही हैं, इसलिए उन्हें नियुक्ति पत्र भी इसी कार्यालय के परिसर में दिया जाना चाहिए, जो उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए शहर के 6 विधानसभा क्षेत्रों में आवास की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही उनके सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार के माध्यम से लगभग 5 करोड़ रुपये की उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com