नागपुर में चलती कार बनी आग का गोला (Image- Social Media)
Nagpur Flyover Car Fire Video: महाराष्ट्र के नागपुर में वर्धा रोड पर स्थित जयप्रकाश मेट्रो स्टेशन के पास डबलडेकर फ्लाईओवर पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यह घटना इतनी तेजी से घटित हुई कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, कार का चालक समय रहते गाड़ी से बाहर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इसके कारण कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर भारी ट्रैफिक जाम भी लग गया।
अमजद खान उर्फ इमरान खान, जो यशोधरानगर के निवासी हैं, अपने एक रिश्तेदार से मिलने के बाद घर लौट रहे थे। बुधवार की रात जब वह फ्लाईओवर पर राजीव नगर के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया।
उन्होंने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान कार के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। किसी तरह, अमजद खान ने खुद को बाहर निकाला, और कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
कार से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और कार धू-धूकर जलने लगी। इसके कारण नागपुर-वर्धा फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने के बाद, फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां, बेसा-पिपला और नरेंद्रनगर केंद्र से मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
यह भी पढ़ें- पहले पिस्टल में लोड की मैगजीन…फिर सीने से सटाकर चला दी गोली, दिल्ली से सामने आया मौत का लाइव VIDEO
प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि आग डीजल इंजन वाली कार में लगी थी और आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। हालांकि, इस बारे में असली वजह का पता लगाने के लिए आगे जांच जारी है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।