कुही बस हादसा (सौजन्य-नवभारत)
Umred-Nagpur Highway Accident: नागपुर जिले के कुही क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पांचगांव के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 6 यात्री घायल हो गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार पांचगांव पुलिस थाना क्षेत्र में उमरेड-नागपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दोपहर करीब 12.30 बजे गंभीर हादसा हो गया।
भिसी से नागपुर जा रही एमएच 49/ एटी 9566 क्रमांक की बस तेज रफ्तार में होने के कारण चालक का नियंत्रण छूट गया और बस डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियों व आपातकालीन दरवाजे के जरिए बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय बस में कुछ यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में कुल 6 यात्री घायल हुए हैं जिन्हें तुरंत पांचगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भेजा गया। घायलों में विजय बावने, संजय बावने, संजय गजभिए, सोनाली नागरे, वैष्णवी मेश्राम और केसराबाई नागरे शामिल हैं।
यह भी पढ़ें – नागपुर मनपा में ‘विमेन पावर’! 3 अहम समितियों की कमान महिला सभापतियों के हाथ, शहर के विकास को मिलेगी नई रफ़्तार
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद चालक यात्रियों की मदद करने की बजाय मौके से फरार हो गया। पांचगांव पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को पुलिस स्टेशन में जमा कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। इस मामले की आगे की जांच थाना प्रभारी रवींद्र मानकर के मार्गदर्शन में पांचगांव पुलिस कर रही है।