नागपुर मर्डर (डिजाइन फोटो)
Nagpur Crime News: नागपुर के खापरखेड़ा-कोराड़ी रोड पर गुरुवार की दोपहर हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई। पति-पत्नी ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत एक युवक को दिनदहाड़े धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आश्चर्य की बात यह कि वारदात के समय परिसर में कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव का प्रयास नहीं किया और वीडियो बनाते रहे।
हत्या का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। मृतक येरला निवासी सागर रामचंद्र वानखेड़े बताया गया। आरोपियों में खापरखेड़ा निवासी राजेश उर्फ राजू गजभिए और सोनाली उर्फ सोनू राजेश गजभिए का समावेश है और दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। बताया जाता है कि सागर और सोनू दूर के रिश्तेदार हैं। दोनों के बीच अनेक वर्षों से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी सागर सोनू के संपर्क में था।
सागर ट्रक ड्राइवर था और कुछ वर्षों से पुणे में रह रहा था लेकिन जब भी वह नागपुर आता सोनू से मिलता था। हर बार उसे साथ ले जाने का आश्वासन देता था। मजदूरी करने वाले राजेश को भी दोनों के अनैतिक संबंधों की भनक लग गई थी। 2 बच्चों के भविष्य को देखते हुए उसने सोनू को सागर से दूर रहने की सलाह दी। सोनू ने उससे दूरी भी बना ली थी, लेकिन सागर उसे इंस्टाग्राम पर मैसेज करता रहता था।
कुछ दिन पहले होली मनाने के लिए सागर नागपुर आया था। वह लगातार सोनू पर मिलने के लिए दबाव डाल रहा था। सोनू ने इस बारे में राजेश को बताया। दोनों ने मिलकर सागर को टपकाने का फुलप्रूफ प्लान बनाया। योजना के तहत सोनू ने सागर को मिलने बुला लिया। वह घर से अपने पर्स में सत्तूर लेकर निकली। 11 बजे सोनू और सागर की खापरखेड़ा के श्याम मंगल कार्यालय के समीप मुलाकात हुई।
सागर उसे अपनी मोटरसाइकिल पर साथ लेकर निकला। इसी दौरान सोनू ने राजेश को सूचना दी। राजेश ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कोराड़ी मंदिर रोड पर सोनू ने योजना के तहत अपना पर्स गिरा दिया और सागर से बाइक रोकने को कहा। तब तक राजेश वहां पहुंच गया। उसने दोनों को साथ पकड़ने का नाटक किया। इसी दौरान सोनू ने पर्स से सत्तूर निकाला और राजेश को दिया।
एक तरफ से राजेश लगातार सागर पर सत्तूर से वार करता गया और दूसरी तरफ से सोनू ने उसे पकड़कर रखा। लगातार राजेश ने उसकी गर्दन, सिर और पेट पर सत्तूर से वार किए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास तक नहीं किया। कई लोगों ने सड़क की दूसरी तरफ खड़े रहकर खूनी वारदात का वीडियो बनाया। सागर को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों भाग निकले। किसी व्यक्ति ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
यह भी पढ़ें – पिचकारी से रंग डालने आया मासूम…तो सगी दादी ने उड़ेल दिया खौलता पानी, रूह कंपा देगा नागपुर का ये VIDEO
सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एक माल वाहन को रोककर पुलिस सागर को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद हत्यारे पति-पत्नी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
नागपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी थी। सोनू ने पुलिस को बताया कि सागर लंबे समय से उसे साथ ले जाने का बहाना करके परेशान कर रहा था। राजेश को दोनों के संबंधों का पता लगने के बाद उसने सागर से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद वह सोनू को साथ रहने के लिए दबाव डाल रहा था।