

Highlights:
नागपुर के सुपारी कारोबारी अल्ताफ के ठिकानों पर जीएसटी विभाग ने छापेमारी की।
7-8 अधिकारियों की टीम ने कारोबारी के ठिकानों पर पहुंचकर जांच शुरू की।
अधिकारियों ने खरीद-बिक्री के बिल, व्यापारिक दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले।
DRI Investigation Nagpur: सुपारी को लेकर शहर चर्चित है। आये दिन किसी न किसी विभाग के निशाने पर रहता है। गुरुवार को भी अल्ताफ पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।
सुबह करीब 8 बजे पहुंचे जीएसटी विभाग के 7-8 अधिकारियों की टीम ने व्यापारी के ठिकानों पर जांच शुरू की जो देर शाम तक जारी रही। दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने व्यापार से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों, खरीद-बिक्री के बिलों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स की गहनता से छानबीन की।
सूत्रों के अनुसार अल्ताफ पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर थे। करीब 4 से 5 महीने पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने भी उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी।
डीआरआई की उस कार्रवाई के बाद अब जीएसटी विभाग की टीम ने दबिश देकर टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की जांच तेज की है।
सुबह-सुबह हुई इस छापेमारी से स्थानीय सुपारी व्यापारियों और बाजार में दिनभर हड़कंप मचा रहा। देर शाम जांच पूरी करने के बाद जीएसटी की टीम आवश्यक दस्तावेज और जानकारी जुटाकर वापस लौट गई।
इस कार्रवाई के बाद नागपुर के सुपारी कारोबार से जुड़े अन्य व्यापारियों में भी हलचल देखी जा रही है। जीएसटी विभाग की इस जांच को व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता और कर संबंधी नियमों के पालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई तय कर सकता है। हालांकि, फिलहाल विभाग की ओर से जांच के निष्कर्षों या किसी तरह की कर चोरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।