

नागपुर में बीजेपी की संविधान बचाओ अराजकता हटाओ रैली।
देवेंद्र फडणवीस का कांग्रेस पर जोरदार हमला।
CM फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस ने 1975 में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मूलभूत अधिकार छीने थे।
कांग्रेस ने संसद के जरिए प्रधानमंत्री को अदालत से ऊपर रखने का संशोधन किया था।
Devendra Fadnavis Speech In Loktantra Bachao Rally Nagpur: नागपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की 'संविधान बचाओ अराजकता हटाओ' रैली के मंच से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए फडणवीस ने इतिहास का हवाला देते हुए कांग्रेस पर संविधान के साथ खिलवाड़ करने और लोकतंत्र को कमजोर करने का सीधा आरोप लगाया।
अपने भाषण की शुरुआत में 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 1975 में कांग्रेस पार्टी ने देश के संविधान की खुलेआम हत्या की थी। उस दौरान संविधान में ऐसे संशोधन किए गए, जिससे आम नागरिकों के मूलभूत अधिकार पूरी तरह समाप्त कर दिए गए थे। अधिकारों के खत्म होने के कारण देश का कोई भी नागरिक अपने हक के लिए न तो हाईकोर्ट जा सकता था और न ही सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकता था।
CM फडणवीस ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के ऐतिहासिक फैसले को याद दिलाते हुए कहा कि 1975 में अदालत ने साफ कर दिया था कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव अवैध था और वे भ्रष्ट तरीकों के जरिए सत्ता में आई थीं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को रद्द घोषित कर दिया था। इसके बाद जब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, तो शीर्ष अदालत ने भी हाईकोर्ट के आदेश पर पूर्ण स्थगन (स्टे) नहीं लगाया।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि जब तक अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री के पद पर तो बनी रह सकती हैं, लेकिन उन्हें संसद में वोट देने या भाषण देने का कोई अधिकार नहीं होगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादा को ताक पर रख दिया। संसद में अपने बहुमत का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस ने संविधान में संशोधन कर दिया।
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान बनाते समय देश के प्रधानमंत्री को कानून और अदालतों के अधीन रखा था, लेकिन कांग्रेस ने संशोधन लाकर यह प्रावधान कर दिया कि प्रधानमंत्री किसी भी न्यायालय के अधीन नहीं रहेंगे। इस तरह इंदिरा गांधी को सुप्रीम कोर्ट के फैसले से संरक्षण देकर पद पर बनाए रखा गया।
CM फडणवीस ने कहा कि 1977 में जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जनता पार्टी की सरकार बनी और मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बने, तब जाकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान को पुनर्गठित किया गया। जनता पार्टी की सरकार ने यह स्थापित किया कि देश का प्रधानमंत्री संविधान और सर्वोच्च न्यायालय से ऊपर नहीं हो सकता, और न ही किसी नागरिक के मूलभूत अधिकार छीने जा सकते हैं।
भाषण के अंत में राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए फडणवीस ने कहा कि जो काम आपकी दादी इंदिरा गांधी नहीं कर सकीं, वही काम अब राहुल गांधी करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा संविधान और सुप्रीम कोर्ट के साथ खिलवाड़ किया है।