Nagpur: भाग्यश्री कोठीवान की मौत का जिम्मेदार कौन? बार से निकलकर नशे में कार दौड़ा रहे छात्र की पूरी करतूत

Nagpur Road Accident: नागपुर में नशे में धुत इंजीनियरिंग छात्र का कहर। युवती को टक्कर मारने के बाद भागते समय बुजुर्ग महिला को कुचला, मौत। पुलिस ने दर्ज किया सदोष मनुष्यवध का केस।
A 61-year-old woman died after being hit by a speeding car in Nagpur's Rana Pratap Nagar.
नागपुर में हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pratap Nagar Police Station: नागपुर के राणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र के राधे मंगलम सभागृह के सामने तेज रफ्तार कार के चालक ने वृद्ध महिला को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। जांच में पता चला कि वृद्ध महिला के पहले कार चला रहे युवक ने दोपहिया वाहन पर सवार एक युवती को भी टक्कर मारी थी। भागने के चक्कर में उसने दूसरा एक्सीडेंट कर दिया और कार इलेक्ट्रिक डीपी से भिड़ने के बाद रुकी।

पुलिस ने आरोपी कार चालक वंजारीनगर निवासी हर्ष नीरज पालेवार (19) के खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज किया है। हर्ष इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष में शिक्षण ले रहा है। बताया जाता है कि घटना के समय उसने शराब भी पी रखी थी। हादसे में जख्मी हुई युवती स्वरूपनगर निवासी सिमरन गणेश माने (19) बताई गई। जानकारी मिली है कि हर्ष ने माटे चौक के समीप एक बार में अपने दोस्त के साथ शराब पी।

नशे में गाड़ी चला रहा था युवक

इसके बाद वह नशे में घर जाने के लिए निकला। राधे मंगलम सभागृह से स्वरूपनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर उसने दोपहिया वाहन पर सवार सिमरन को टक्कर मार दी। सिमरन अपनी गाड़ी से गिरकर जख्मी हो गई। हर्ष पहले ही नशे में था। उसे लगा कि पकड़े जाने पर पब्लिक उसे पीट देगी। इसी डर से उसने कार की स्पीड बढ़ा दी।

भागने के चक्कर में उसने पैदल अपने घर की ओर जा रहीं दीनदयालनगर निवासी भाग्यश्री संजय कोठीवान (61) नामक महिला को टक्कर मार दी। भाग्यश्री भी बुरी तरह जख्मी हो गईं। हर्ष का कार से पूरी तरह नियंत्रण छूट गया और इलेक्ट्रिक डीपी से टकराने के बाद कार रुकी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हर्ष को हिरासत में ले लिया।

इसी दौरान सिमरन भी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और बताया कि हर्ष ने उसकी गाड़ी को भी टक्कर मारी है। उपचार के दौरान भाग्यश्री की मौत हो गई। सिमरन को मामूली चोटें आई थीं। मेडिकल जांच करने पर हर्ष शराब के नशे में होने का पता चला। पुलिस ने उसके खिलाफ सदोष मनुष्यवध, लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने और सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान करने सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com