नागपुर में रफ्तार का कहर, कार ने वृद्ध महिला को उड़ाया, फिर इलेक्ट्रिक DP से जा भिड़ा; इलाज के दौरान मौत

Nagpur Car Accident: नागपुर के राणा प्रताप नगर में तेज रफ्तार कार ने 61 वर्षीय महिला को कुचला। आरोपी गिरफ्तार। बार-बार हो रहे हादसों से नागरिकों में भारी आक्रोश।
A 61-year-old woman died after being hit by a speeding car in Nagpur's Rana Pratap Nagar.
नागपुर में हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rana Pratap Nagar News: नागपुर में राणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र के राधे मंगलम सभागृह के सामने तेज रफ्तार कार के चालक ने राह चलती वृद्ध महिला को उड़ा दिया। इसके बाद इलेक्ट्रिक डीपी से जा भिड़ा। बुरी तरह जख्मी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक दीनदयालनगर निवासी भाग्यश्री संजय कोठीवान (61) बताई गईं। पुलिस ने आरोपी कार चालक वंजारीनगर निवासी हर्ष नीरज पालेवार (20) को हिरासत में ले लिया।

शनिवार की शाम 7 बजे भाग्यश्री कुछ काम निपटाकर पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। राधे मंगलम सभागृह के समीप तेज गति में आए हर्ष ने अपनी कार क्र. एम.एच.31-ई.यू.4575 से भाग्यश्री को टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे लगी इलेक्ट्रिक डीपी से जा भिड़ा। भाग्यश्री बुरी तरह जख्मी हो गईं। स्थानीय नागरिक मदद के लिए दौड़े। घटना की जानकारी पुलिस को दी।

भाग्यश्री को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही राणा प्रताप नगर के थानेदार पंकज बोंडसे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हर्ष के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले भी राधे मंगलम हॉल के समीप एक भयानक हादसा हुआ था। 2 दोपहिया वाहनों की टक्कर के बाद एक कार चालक ने रैपिडो चालक को कुचल दिया था। इस हादसे में रैपिडो चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी।

सिग्नल और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग

इस घटना के बाद परिसर के नागरिकों में रोष फैला हुआ है। नागरिकों का कहना है कि पहले हादसे में रैपिडो चालक की मौत हुई। अब एक वृद्ध महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। आए दिन राधे मंगलम सभागृह के समीप छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं लेकिन प्रशासन इन हादसों को लेकर गंभीर नहीं है।

एक्सीडेंट रोकने के लिए किसी प्रकार की उपाय योजना नहीं की जा रही है। नागरिकों की मांग है कि चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाए। चारों तरफ से आ रहीं सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। ट्रैफिक पुलिस केवल चालान कार्रवाई और वाहन टो करने पर ध्यान देती है। चौराहों पर पुलिस की तैनाती होने से वाहन चालकों में डर रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com