नागपुर DPC में ‘कुर्सी’ की जंग! ₹1,200 करोड़ पर कब्जा जमाने महायुति के दिग्गजों ने लगाई ‘फिल्डिंग’
DPC Membership: नागपुर जिला नियोजन समिति (DPC) में 20 सदस्यीय लघुगट की नियुक्ति के लिए महायुति में घमासान। ₹1,200 करोड़ के फंड वाली समिति के लिए भाजपा, शिंदे सेना और राकांपा के दावेदार तैयार।
- Written By: प्रिया जैस
सुधाकर कोहले और आशीष देशमुख (सौजन्य-सोशल मीडिया)
District Planning Committee Nagpur Fund: राजनीतिक पार्टियों में चुनाव के समय उम्मीदवारी के लिए इच्छुक कार्यकर्ता अपनी फिल्डिंग लगाता है। अब सारे चुनाव हो चुके हैं और महामंडलों पर नियुक्तियों के लिए सत्ताधारी पार्टियों के पदाधिकारी दम लगा रहे हैं। इसी के साथ जिला नियोजन समिति में सदस्यता पाने के लिए भी महायुति में शामिल तीनों दल भाजपा, राकां अजीत पवार गुट और शिवसेना शिंदे गट के पदाधिकारी फिल्डिंग लगा रहे हैं।
जिले की बात करें तो इस बार सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने जिले को 1,200 करोड़ रुपयों की निधि डीपीसी के माध्यम से दी है। जिले के सारे विधायक तो डीपीसी के विशेष निमंत्रित सदस्य होते हैं लेकिन इस पर 20 सदस्यों वाले लघुगट की नियुक्ति सरकार द्वारा की जाती है।
सही अर्थों में यही लघुगट डीपीसी संचालित करता है। इस गट में 2 विधायक या सांसद, 2 विशेषज्ञ सदस्य और अन्य 16 सदस्यों की नियुक्ति होती है। इसी के लिए सभी पार्टी के पदाधिकारी अपने-अपने नेताओं तक ‘फिल्डिंग’ लगा रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर ट्रैफिक को मिलेगी राहत, सालों की देरी के बाद मोमिनपुरा फ्लाईओवर ने पकड़ी रफ्तार; 70% काम पूरा
महाराष्ट्र में बिना लाइसेंस कृषि उपज व्यापार पर सख्ती: अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
नागपुर के बेसा में दौड़ती कार में लगी भीषण आग, सड़क पर मची अफरा-तफरी; बड़ा हादसा टला
नागपुर में करंट लगने से भालू की मौत: खेत की बिजलीयुक्त तारों की चपेट में आया वन्यजीव, आरोपी गिरफ्तार
पालक मंत्री ने सीएम को सौंप दी है सूची
जानकारी तो यह मिली है कि भले की डीपीसी की सदस्यता पाने के लिए भाजपा सहित दोनों दलों के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता फिल्डिंग लगा रहे हों लेकिन पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सदस्यों वाली एक गोपनीय सूची मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री देवेन्द्र फडणवीस को सौंप दी है।
यह भी पढ़ें – Nagpur Railway: पहली बार आयरन ओर लोडिंग में 176% उछाल, 102 ‘कवच’ टावर से बढ़ी सुरक्षा; 7 नई ट्रेनों की शुरुआत
इस सूची में भाजपा विधायक आशीष देशमुख, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले, राजीव पोतदार, वरिष्ठ पदाधिकारी अनिल निधान, धनंजय बापट, संदीप सरोदे, शिरीष मेश्राम, आदर्श पटले, पूर्व जिप सभापति उकेश चव्हाण, कांग्रेस से भाजपा में आए गज्जू यादव सहित कुछ अन्य सदस्यों के नाम शामिल हैं। ये सभी नाम जिले से हैं, जबकि शहर से जिनके नाम सूची में शामिल हैं उसमें खास गोपनीयता बरती जा रही है।
सहयोगी दलों से 11 नाम
महायुति में सरकार में शामिल शिंदे सेना की ओर से 6 नाम भेजे जाने की जानकारी मिली है जिनमें राजेन्द्र हरणे, सूरज गोजे, अनिता जाधव का नाम शामिल बताया जा रहा है। वहीं राकां अजीत पवार गुट से पूर्व जिलाध्यक्ष बाबा गूजर, वर्तमान शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर, नरेश अडसड सहित 5 नामों की सिफारिश की गई है। सभी अपने आला नेताओं से जुगाड़ लगाने का प्रयास कर रहे हैं। किसकी किस्मत का ताला खुलता है यह देखने वाली बात होगी।
