त्योहारी सीजन पर मार्केट में लगा जाम, भगवान भरोसे ट्रैफिक व्यवस्था, धनतेरस पर बढ़ेंगी दिक्कतें
Nagpur Market Rush: हिन्दू धर्म के सबसे बड़ा त्योहार दिवाली अब निकट है। ऐसे में बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। त्योहारी सीजन में मार्केट में भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है।
- Written By: प्रिया जैस
ट्रैफिक जाम (सौजन्य-नवभारत)
Traffic Management Failure: ताज्जुब की बात है कि त्योहारी सीजन के बावजूद ट्रैफिक पुलिस विभाग शहर की यातायात व्यवस्थाओं के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा। त्योहारी सीजन में सिटी की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। शनिवार को धनतेरस है। धनतेरस पर मार्केट में खरीदारों की भीड़ अधिक हो जाएगी। यदि ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया तो धनतेरस पर हजारों नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
लोगों के समय की बर्बादी
त्योहारों के दौरान पुख्ता ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने के कारण हजारों लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ रही भीड़ के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। भारी जाम के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। घंटों जाम में फंसने से लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। अपनी मंजिल पर पहुंचने में भी विलंब के कारण नागरिक त्रस्त हो गए हैं।
मुख्य क्षेत्रों में चरमराई यातायात व्यवस्था
सिटी में चारों ओर सड़क निर्माण, फ्लाईओवर निर्माण समेत अन्य कार्य जारी है। इस कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारों के मद्देनजर मुख्य बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। धरमपेठ, सीताबर्डी, सदर, महल, गांधीबाग समेत अन्य इलाकों में ट्रैफिक जाम के कारण नागरिकों को जूझना पड़ रहा है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था की ओर कोई भी अधिकारी गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा।
सम्बंधित ख़बरें
मध्य रेलवे की कमाई में नया रिकॉर्ड, ई-नीलामी से पहली तिमाही में राजस्व में 11.76 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी
Noida Metro Divider: नोएडा सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर भारी बारिश से गिरा 50 मीटर लंबा डिवाइडर
नागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए नर्क जैसे हालात: अतिक्रमण, ऑटो चालकों की दबंगई से जनता त्रस्त
6 साल तक बंधक बना कर रखा, नागपुर की हिंदू लड़की ने सुनाई अपहरण, यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन की आपबीती
वीकेंड पर बढ़ेंगी परेशानियां
बना दें कि वीकेंड अर्थात शनिवार और रविवार को बाजार में भीड़ अधिक रहेगी। वीकेंड के साथ धनतेरस और उसके पश्चात दिवाली है। ऐसे में मुख्य क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की गैर मौजूदगी में यातायात की स्थिति बद से बदतर हो सकती है। वीकेंड पर हजारों लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें – डीजल चोरी का बड़ा खेल! WCL वेकोलि में बड़ा घोटाला, 7 हजार टन कोयला फंसा, गोंडेगांव खदान में मचा हड़कंप
खल रही पार्किंग की कमी
मार्केट में खरीदारी करने आए नागरिकों के वाहन सड़कों पर खड़े देखे जा सकते हैं। सड़कों पर अवैध ढंग से खड़े वाहन आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है और ट्रैफिक ठप हो जाता है। कई मुख्य इलाकों में पार्किंग नहीं होने के कारण वाहनों को सड़कों और फुटपाथ पर खड़ा देखा जा सकता है। लोगों को अब पार्किंग की कमी खलने लगी है। यदि मुख्य इलाकों में पार्किंग हो तो ट्रैफिक जाम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
