नागपुर में एक्स-गर्लफ्रेंड के चक्कर में खूनी संघर्ष; 12 लड़कों ने मचाया तांडव, तलवारें लहराईं, गाड़ियां तोड़ीं
Nagpur Crime News: नागपुर के महाल इलाके में एक्स-गर्लफ्रेंड की इंस्टाग्राम दोस्ती को लेकर दो गुट भिड़ गए। 12 युवकों ने धारदार हथियारों से गाड़ियों की तोड़फोड़ की। दो लोगों को गंभीर रूप से घायल हुए।
- Written By: आकाश मसने
वारदात की जांच करती पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur Fight Over Ex-Girlfriend: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के महाल इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ की किसी अन्य युवक के साथ बढ़ती नजदीकियों और इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के कारण युवाओं के एक गुट ने जमकर उत्पात मचाया। मंगलवार रात करीब 11 बजे हुए इस हमले ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
धारदार हथियारों से हमला और वाहनों की तोड़फोड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पूर्व प्रेमिका की दोस्ती इंस्टाग्राम पर एक अन्य लड़के से हो गई थी, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। इसी गुस्से में करीब 12 युवकों के एक समूह ने गाड़ीखाना और जोहरीपुरा इलाके में धावा बोल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों के हाथों में तलवारें और अन्य धारदार हथियार थे। इस हिंसक भीड़ ने सड़क पर खड़े आधे दर्जन से अधिक दुपहिया वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और इलाके में जमकर नारेबाजी की।
दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासियों ने साहस दिखाते हुए तोड़फोड़ करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला दर्ज होने के बाद गणेशपेठ पुलिस ने जांच तेज कर दी है और अब तक 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर गुट में कई सदस्य नाबालिग हैं।
सम्बंधित ख़बरें
पैसों की कमी से नहीं रुकेगी किसी गरीब की सर्जरी, नागपुर के ‘महा आरोग्य शिविर’ से मुख्यमंत्री फडणवीस का ऐलान
रेलवे ट्रैक मरम्मत का असर, पुणे-संतरागाछी एक्सप्रेस समेत 2 ट्रेनें प्रभावित; यात्रियों से सहयोग की अपील
नागपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला: ई-चालान के झांसे में आकर ऑटोमोबाइल व्यापारी ने गंवाए ₹9.69 लाख!
नागपुर के जूनियर कॉलेजों में पढ़ाई ठप: शिक्षकों की SIR ड्यूटी से अभिभावकों और छात्रों में असमंजस
यह भी पढ़ें:- नागपुर मनपा में ‘नारी शक्ति’ का उदय! भाजपा का बड़ा दांव, पहली बार सभी समितियों की कमान संभालेंगी महिलाएं
कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं: पुलिस की अपील
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह से आपसी रंजिश और युवाओं के बीच दोस्ती का मामला है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की सांप्रदायिक अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि इस घटना का किसी धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। गौरतलब है कि महाल वही इलाका है जहां 17 फरवरी 2025 को औरंगजेब की कब्र के मुद्दे पर हिंसा हुई थी, जिसके कारण पुलिस इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
