

Nagpur Credit Society Fraud: नागपुर शहर में क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा अब तक कई सौ करोड़ रुपए की ठगी की जा चुकी है। पत संस्थाएं लोगों को अच्छे ब्याज का लालच देकर निवेश कराती हैं और बाद में रकम पचा जाती हैं। अब एक और संस्था ने निवेशकों के 2.73 करोड़ रुपए डुबा दिए। सोसाइटी के संचालक कार्यालय बंद करके फरार भी हो गाए।
इस प्रकरण में गणेशपेठ पुलिस ने गांधी गेट के समीप स्थित पदवीधर महिला क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी और संचिता अर्बन निधि लिमिटेड के 14 संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
साकेतनगर निवासी सूर्यकांत उद्धवप्रसाद शुक्ला (38) की शिकायत पर कार्रवाई की गई। आरोपियों में मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप कुशलराव पोटे, अध्यक्ष ममता संदीप पोटे, उपाध्यक्ष नीता राजू सातपुते, सचिव जया जितेंद्र गडेकर, संचालक सविता गणपतराव अंबाडकर, माधुरी राजू बावनकर, जयश्री प्रवीण वाघमारे, मौनल नितिन नागपुरे, गीता भोजराज गायकवाड़, मनीषा कैलास श्रीराव, दीपाली धनराज गोणे, पूजा देवेंद्र पाटिल, सलाहकार जितेंद्र कैलासराव गडेकर और भोजराज दाजीबा गायकवाड़ का समावेश है।
शिकायतकर्ता सूर्यकांत 'गायत्री फाइनेंस सर्विसेस' के माध्यम से फाइनेंस का व्यवसाय करते हैं। एक परिचित के जरिए उन्हें महल के गांधी गेट परिसर में स्थित पदवीधर महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी और संचिता अर्बन निधि लिमिटेड की जानकारी मिली।
संस्था के सीईओ संदीप पोटे और अध्यक्ष ममता पोटे ने एफडी और आरडी पर सालाना 9 से 11 फीसदी ब्याज देने का भरोसा दिलाया। आरोपियों के झांसे में आकर शुक्ला और उनकी पत्नी ने मिलकर 8.50 लाख रुपए निवेश किए। इसके अलावा 58 अन्य निवेशकों ने भी कुल 2.65 करोड़ रुपए जमा किए।
निवेश की अवधि पूरी होने के बाद भी किसी को रकम वापस नहीं मिली। इसी बीच संस्था के कार्यालयों पर ताला लगाकर सीईओ संदीप पोटे और अध्यक्ष ममता पोटे फरार हो गए। पोटे दंपति के फरार होने से निवेशकों में हड़कंप मच गया। शुक्ला ने 31 अक्टूबर को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के बाद गणेशपेठ पुलिस ने उपरोक्त 14 आरोपियों जमाकर्ताओं के हितों का के खिलाफ महाराष्ट्र संरक्षण अधिनियम (एमपीआईडी) और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल कोई आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।