प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur News In Hindi: महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। एक 25 वर्षीय युवक, जो मेडिकल अस्पताल में अपने नवजात बच्चे को देखने आया था, एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। अजनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस दुर्घटना में युवक की जान उसके ही परिचितों की लापरवाही के कारण चली गई।
मृतक की पहचान राहुल नगर, नवजीवन कॉलोनी निवासी रितिक प्रकाश सतार (25) के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रितिक की पत्नी ने रविवार को मेडिकल अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी खुशी में रितिक रविवार रात करीब 8:30 बजे अस्पताल पहुंचा था।
रात करीब 10 बजे, रितिक अपने भाई के साले राहुल साहेबराव कुराडे (26) और एक अन्य परिचित नयन गेडाम (25) के साथ मेडिकल चौक के पास स्थित ‘शान बीयर बार’ के पास खड़ी एक टाटा 407 गाड़ी (MH-40-CM-3487) में बैठा था। बताया जा रहा है कि तीनों गाड़ी के अंदर ही शराब पी रहे थे।
घटना के वक्त रितिक को पास की वाइन शॉप से और शराब लाने के लिए कहा गया। गाड़ी का इंजन चालू स्थिति में था। नयन गेडाम स्टीयरिंग व्हील पर बैठा था और राहुल कुराडे उसके बगल वाली सीट पर था। जैसे ही रितिक गाड़ी के सामने से गुजरने लगा, तभी अचानक राहुल कुराडे का पैर गियर लीवर पर लग गया, जिससे स्थिर खड़ी गाड़ी अचानक झटके से आगे बढ़ गई।
यह भी पढ़ें:- समंदर में तेल का ‘काला साम्राज्य’! मुंबई तट पर पकड़े गए 3 संदिग्ध ऑयल टैंकर, क्या ईरान से है इनका कनेक्शन?
रितिक सीधे गाड़ी की चपेट में आ गया और टायर के नीचे कुचले जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, जब चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। राहुल कुराडे को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल रितिक को तुरंत पास के मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। सुनील बिसराम सतार (49) की शिकायत के आधार पर अजनी पुलिस ने आरोपी चालक नयन गेडाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।