ST बसों से होगी नागद्वार यात्रा, CM फडणवीस ने MP के मुख्यमंत्री यादव से की बात

मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित प्रसिद्ध नागद्वार यात्रा के लिए इस साल महाराष्ट्र से एसटी महामंडल की बसें चलेंगी। इसके लिए सीएम फडणवीस ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात की है।
Nagdwar Yatra ST buses will run from Vidarbha to Pachmarhi
(कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on
Updated on

नागपुर: मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित प्रसिद्ध नागद्वार यात्रा के लिए महाराष्ट्र से जाने वाली एसटी महामंडल की बसों को मध्यप्रदेश परिवहन विभाग द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण यात्रियों में भारी रोष व्याप्त था। इस बारे में खबरें आते ही नागपुर के विधायक प्रवीण दटके ने तत्काल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की।

विधायक दटके ने बताया कि नागद्वार यात्रा के लिए नागपुर एवं विदर्भ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पचमढ़ी जाते हैं। इन यात्रियों के लिए एसटी बस सेवा एक सुरक्षित और किफायती साधन है। अगर एसटी बसों को अनुमति नहीं मिली, तो यात्रियों को निजी ट्रैवल्स द्वारा शोषण का सामना करना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने तुरंत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा कर इस विषय की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश सरकार को औपचारिक पत्र भेजा जाएगा, ताकि एसटी बसों को आवश्यक अनुमति मिल सके।

Pravin Datke meet cm fadnavis
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करते विधायक प्रवीण दटके (फोटो नवभारत)

इस सकारात्मक पहल के चलते अब नागपुर सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र के श्रद्धालुओं को कम खर्च में एसटी बसों से नागद्वार यात्रा करने का अवसर मिलेगा। विधायक दटके ने अधिक से अधिक नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर पचमढ़ी नागद्वार यात्रा के लिए जाएं।

शिवसेना ने दी थी चेतावनी

नागद्वार यात्रा जल्द ही शुरू होने जा रही है। नागपुर समेत पूरे राज्य से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पचमढ़ी (नागद्वार) यात्रा के लिए प्रस्थान करते हैं। इस बीच नागद्वार यात्रा के लिए विशेष बसें नहीं चलाई जाने पर शिवसेना ने चेतावनी दी है।

शिवसैनिकों का कहना है कि यदि नागद्वार यात्रा के लिए विशेष बसें नहीं चलाई गईं तो मध्य प्रदेश परिवहन की एक भी बस को राज्य में घुसने नहीं दिया जाएगा। साथ ही निजी बसों को पचमढ़ी नहीं जाने दिया जाएगा। शिवसेना नेता किरण पांडव के मार्गदर्शन में शिवसेना शहर प्रमुख धीरज फंदी ने आंदोलन का इशारा दिया।

फंदी ने बताया कि 19 जुलाई से शुरू होने वाली नागद्वार यात्रा के लिए विदर्भ से लाखों श्रद्धालु नागपुर के गणेशपेठ बस स्टैंड से मध्य प्रदेश के पचमढ़ी (नागद्वार) के लिए रवाना होते हैं। पूरे विदर्भ से लाखों लोग सस्ते किराये के कारण एसटी निगम की बसों से नागद्वार की यात्रा करते हैं। एसटी बसें शुरू न होने पर निजी बसें और मध्य प्रदेश परिवहन मंडल की बसें मनमाना किराया वसूल करेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com