

Jalna Illegal Sand Transport: जालना भ्रष्टाचार प्रतिबंधक दल की छत्रपति संभाजीनगर की टीम ने गुरुवार, 13 मार्च को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिले के मंठा पुलिस थाने के पुलिस कर्मचारी रवि गणपत जाधव (38 और पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार राठौड़ (50) को 30,000 रुपये की घूस लेते समय रंगे हाथों दबोच लिया।
यह रिश्वत रेत ढोने वाले टिप्पर वाहन पर कार्रवाई नहीं करने के लिए मांगी गई थी। अधिकारी व कर्मचारी के मंठा पुलिस थाने में ही दबोचे जाने से हड़कंप मच गया है।
एसीबी को 38 वर्षीय एक शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके रेत ढोने वाले टिप्पर वाहन पर कार्रवाई नहीं करने के एवज में पुलिसकर्मियों की ओर से मासिक 50,000 रुपए घूस की मांग की जा रही है।
इसमें से 10,000 रुपये पहले ही ले लिए गए थे व शेष 40,000 रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। रिश्वत देने की नहीं होने से उसने छत्रपति संभाजीनगर के भ्रष्टाचार प्रतिबंधक दल से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
तदुपरांत एसीची ने प्रकरण की प्राथमिक जांच की। 12 मार्च को पंच गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मंठा पुलिस थाने में कार्यरत पुलिस कर्मचारी रवि गणपत जाधव (38) ने शिकायतकर्ता की टिप्पर पर कार्रवाई न करने के बदले 50,000 रुपये मासिक हफ्ता व अपने लिए अतिरिक्त 5,000 रुपये की घूस मांगी थी।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि मंठा के पीआई राठौड़ ने शिकायतकर्ता को अवैध रेत परिवहन के परिचालन के मासिक भुगतान में छूट देने का प्रस्ताव दिया था।
एसीबी ने इसके बाद मंठा पुलिस थाने में जाल बिछाया, बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 40,000 रुपये से घटाकर 30,000 रुपये तय की गई। लय योजना के अनुसार जैसे ही पुलिस कर्मचारी रवि ने शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये घूस के रूप में स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया,