महाराष्ट्र: कक्षा 4थी और 7वीं के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा की तारीख घोषित, जानें आवेदन प्रक्रिया और नियम

Scholarship Exam: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने कक्षा 4थी और 7वीं के लिए स्कॉलरशिप परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। परीक्षा 26 अप्रैल को होगी, जिसके लिए 2 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
Maharashtra Scholarship Examination 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Scholarship Examination 2026: महाराष्ट्र में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति परीक्षा के शेड्यूल में महत्वपूर्ण अपडेट आया है। राज्य परीक्षा परिषद ने कक्षा 4थी और 7वीं के विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्र परीक्षा की घोषणा की है। अब छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।

परीक्षा का नया स्वरूप और ऐतिहासिक बदलाव

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने और आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से यह परीक्षा आयोजित की जाती है। गौरतलब है कि शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) लागू होने के बाद वर्ष 2016-17 में इस परीक्षा को केवल 5वीं और 8वीं कक्षा के लिए सीमित कर दिया गया था। हालांकि, छात्रों की घटती संख्या और शैक्षणिक मांग को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर कक्षा 4थी और 7वीं के लिए भी इसे बहाल करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में अब ये चारों कक्षाओं (4थी, 5वीं, 7वीं और 8वीं) के लिए आयोजित की जा रही हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन शुल्क

कक्षा 4थी और 7वीं की परीक्षा 26 अप्रैल को पूरे राज्य में एक साथ आयोजित की जाएगी। आवेदन के लिए निम्नलिखित समय सारणी दी गई है:

  • नियमित शुल्क के साथ: 2 फरवरी तक।
  • विलंब शुल्क (Late Fee): 3 फरवरी से 17 फरवरी तक।
  • अति विलंब शुल्क: 18 फरवरी से 23 फरवरी तक।

राहत की बात यह है कि जिन स्कूलों ने कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षा के लिए पहले ही संलग्नता शुल्क (Affiliation Fee) जमा कर दिया है, उन्हें 4थी और 7वीं के लिए दोबारा यह शुल्क नहीं देना होगा।

परीक्षा का समय और विषय

  • परीक्षा पूरी तरह से वस्तुनिष्ठ (Objective) और बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। इसे दो सत्रों में विभाजित किया गया है।
  • प्रथम सत्र (सुबह 11 से 12 बजे): प्रथम भाषा और गणित।
  • द्वितीय सत्र (दोपहर 2 से 3 बजे): तृतीय भाषा और बुद्धिमत्ता परीक्षण (IQ Test)।

कौन दे सकता है परीक्षा?

परिषद के अनुसार, इस परीक्षा में केवल वही छात्र भाग ले सकते हैं जो महाराष्ट्र की सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित, स्थायी गैर-अनुदानित या स्वयं अर्थसहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के होनहार बच्चों को पहचान कर उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करना है।