नागपुर मनपा के ‘नाला सफाई’ के दावे फेल; कामगारनगर में नहीं उतरी गाद, पहली ही बारिश में डूबने का खतरा
Nagpur Drain Cleaning: मानसून से पहले कामगारनगर का नाला गाद, कचरे और झाड़ियों से भरा पड़ा है। स्थानीय नागरिकों ने जलभराव और बाढ़ के खतरे को लेकर मनपा की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं।
- Written By: अंकिता पटेल
कामगारनगर, नाला सफाई, मानसून तैयारी, (सोर्स: सौजन्य AI)
Nagpur Monsoon Preparedness: जून माह लगभग आधा बीतने को है। कुछ ही दिनों में मानसून की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर नागपुर महानगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि नदी-नालों की सफाई के दावे फेल नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में कामगारनगर का नाला भी शामिल है।
मानसून के आगमन से पहले ही शहर के कामगारनगर क्षेत्र के रहवासियों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र से गुजरने वाले नाले की सफाई नहीं होने के कारण बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नाले में जमा गाद, कचरा और झाड़ियां पानी के बहाव में बाधा बन रही हैं जिससे नागरिकों को आगामी बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का डर सता रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हर वर्ष मानसून पूर्व नाला सफाई के दावे किए जाते हैं लेकिन इस बार भी जमीनी स्तर पर हालात जस के तस हैं। नाले की हालत देखकर साफ नजर आता है कि सफाई कार्य या तो हुआ ही नहीं है या फिर महज औपचारिकता निभाई गई है। ऐसे में पहली ही तेज बारिश में बस्ती में जलभराव की पूरी संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai Coastal Road North: 715 करोड़ का फंड मंजूर; 70 हजार नए पेड़ लगाने की योजना; काम में तेजी
गड़चिरोली: 5 महीने से कमीशन नहीं मिलने पर फूटा राशन दुकानदारों का गुस्सा, अहेरी तहसील में सौंपा ज्ञापन
नागपुर फायर ब्रिगेड में भर्ती का रास्ता साफ; ‘अग्निशामक विमोचक’ के 500 पदों पर होगी 100% सीधी भर्ती
वीआईपी रोड पर पेड़ कटाई विवाद, नागपुर मनपा के निशाने पर होर्डिंग कंपनी; स्थानीय लोगों का विरोध
इलाके में गंदगी की भरमार
उत्तर नागपुर अंतर्गत कामगारनगर से बहने वाले नाले के पास गंदगी की भरमार देखी जा सकती है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाले के साथ इलाके की सफाई की ओर भी कोई जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। गंदगी के कारण स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
छात्रों के लिए सर्वाधिक खतरनाक
बताते चले कि कामगारनगर क्षेत्र से बहने वाले नाले के पास ही उर्दू स्कूल मौजूद है। यहां छोटे बच्चे शिक्षा लेने आते हैं। ऐसे में नाले की सफाई की अनदेखी बच्चों के लिए सर्वाधिक खतरनाक हो सकती है। यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं की गई तो बड़ी अनहोनी हो सकती है।
यह भी पढ़ें:-नागपुर फायर ब्रिगेड में भर्ती का रास्ता साफ; ‘अग्निशामक विमोचक’ के 500 पदों पर होगी 100% सीधी भर्ती
हर वर्ष जलभराव से परेशानी
पूर्व में भी कई बार नाले का पानी घरों और सड़कों तक पहुंच चुका है जिससे आर्थिक नुकसान के साथ लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस बार भी समय रहते उपाय नहीं किए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
-स्थानीय नागरिक, रिंकू साहू
…तो प्रशासन होगा जिम्मेदार
नाले की तत्काल और व्यापक सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करना अनिवार्य है, यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
– स्थानीय नागरिक, महेंद्र पारवे
जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे
नाले में कचरे और गाद की भरमार है। इस कारण बारिश के दौरान पानी का प्रवाह बाधित होता है। ऐसे में बाढ़ का खतरा रहता है। इससे जनहानि की आशंका बढ़ जाती है। प्रशासन को जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है,
– स्थानीय नागरिक, मोहम्मद शहबाज
