नागपुर फायर ब्रिगेड में भर्ती का रास्ता साफ; 'अग्निशामक विमोचक' के 500 पदों पर होगी 100% सीधी भर्ती

Nagpur Fire Brigade: राज्य सरकार ने नागपुर फायर ब्रिगेड के नए भर्ती और सेवा वर्गीकरण नियमों को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 500 अग्निशामक विमोचक पदों पर सीधी भर्ती का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
Path cleared for recruitment in the Nagpur Fire Brigade; 100% direct recruitment to be conducted for 500 'Fireman-Rescuer' posts.
नागपुर फायर ब्रिगेड, भर्ती नियम 2026, अग्निशामक विमोचक,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Firefighter Recruitment: राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने मंगलवार को जीआर जारी करते हुए नागपुर महानगरपालिका अग्निशमन व आपातकालीन सेवा विभाग (सेवा भर्ती व सेवा वर्गीकरण) नियम, 2026 को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी। इसके साथ ही सिटी में फायर ब्रिगेड विभाग में खाली पड़े पदों को भरने और पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। इन नए नियमों का मुख्य उद्देश्य पूरे राज्य की महानगरपालिकाओं के अग्निशमन संवर्ग में एकरूपता लाना है और नागपुर महानगरपालिका के सुधारे गए प्रस्तावों को इसमें शामिल किया गया है।

शैक्षणिक योग्यताएं भी तय

नए ढांचे के तहत युवाओं के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि 'अग्निशामक विमोचक' के 500 पदों को मंजूरी दी गई है जिन्हें 100% सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा। इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु खुली श्रेणी के लिए 28 वर्ष और आरक्षित वर्ग के लिए 33 वर्ष तय की गई है। उम्मीदवार का माध्यमिक शालांत परीक्षा उत्तीर्ण होना और अग्निशामक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य है। साथ ही सेवा में शामिल होने के 1 वर्ष के भीतर हल्के वाहन चलाने का वैध लाइसेंस लेना भी बंधनकारक होगा।

कडे शारीरिक मापदंड और अनिवार्य योग्यताएं

फायरमैन और सीधी भर्ती वाले अन्य पदों के लिए शारीरिक मापदंड कड़े रखे गए है। पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी और वजन 50 किलो होना चाहिए, जबकि महिलाओं के लिए न्यूनतम ऊंचाई 157 सेमी और वजन 46 किलो निर्धारित है। दृष्टि बिना चश्मे के 6/6 होनी चाहिए। इसके अलावा, सभी उम्मीदवारों को मराठी और हिंदी भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है और कम्प्यूटर संचालन के लिए MS-CIT प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों को शुरुआत में 2 साल के परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनरी) समय पर रखा जाएगा।

अधिकारियों और अन्य पदों की भी रूपरेखा तैयार

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (1 पद) व उप-मुख्य अग्निशमन अधिकारी (1 पद): ये सर्वोच्च पद 100% पदोन्नति या प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाएंगे। अग्निशमन केंद्र अधिकारी (15 पद): 25% पदों पर सीधी भर्ती होगी और 75% पद पदोन्नत्ति के माध्यम से भरे जाएंगे। उप-अग्निशमन अधिकारी (39 पद): 50% पदों पर सीधी भर्ती और 50% पर पदोन्नति होगी। चालक-यंत्रचालक (162 पद): और प्रमुख अग्निशामक विमोचक (81 पद) इन पदों को शत-पसेंटाइल पदोन्नति द्वारा भरा जाएगा। वाहन चालक (अग्निशमन) (10 पद) : इन पदों पर 100% सीधी भर्ती की जाएगी। इसके अलावा ऑटो इलेक्ट्रीशियन (2 पद) और फिटर कम ड्राइवर (15 पद) जैसे तकनीकी पदों पर भी 100% सीधी भर्ती का प्रावधान किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com