

Nagpur Markets Fruit Prices: गर्मी और मानसून के बीच आने वाला बहुप्रतीक्षित फल जामुन अब नागपुर के बाजारों में पहुंच चुका है। बैंगनी रंग और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध जामुन इस समय खुदरा बाजार में 160 से 200 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। मौसम की शुरुआत होने और आवक सीमित रहने से इसके दाम ऊंचे बने हुए हैं।
मंडियों में जामुन का औसत भाव खुदरा कीमतों की तुलना में कम है लेकिन बाजार तक पहुंचते-पहुंचते इसकी कीमत में इजाफा हो रहा है। हालांकि खुदरा बिक्रेताओं के अनुसार जामुन की मांग शुरुआती समय से ही बढ़ गई है। स्वादिष्ट फल ने अभी से लोगों का ध्यान खींच लिया है।
शहर के फल बाजारों में इन दिनों जामुन की छोटी-छोटी टोकरी और ठेलों पर सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। मधुमेह रोगियों के लिए लाभकारी माने जाने वाले इस फल की मांग हर साल बढ़ती है। कई ग्राहक स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ को देखते हुए ऊंचे दाम के बावजूद इसकी खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल जामुन की आवक सीमित है। जैसे-जैसे आवक बढ़ेगी, कीमतों में कुछ नरमी आ सकती है। फिलहाल शुरुआती सीजन होने के कारण अच्छे आकार और गुणवत्ता वाले जामुन 200 रुपए प्रति किलो तक बिक रहे हैं।
रेलवे स्टेशन के पूर्वीद्वार के आसपास दुकानें सज गई हैं, इसके अलावा कॉटन मार्केट स्थित महात्मा फुले बाजार में कतारबद्ध ठेलों पर जामुन की दुकान सज गई है। खास बात यह है कि यहां जामुन खरीदने के लिए ठेलों, दुकानों पर ग्राहकी भी काफी नजर आ रही है।
स्थानीय जामुन विक्रेताओं ने बताया कि 160 से 200 रुपए प्रति किलो तक जामुन के दाम बने हुए हैं। शुरुआती आवक में दाम अधिक होने के बावजूद जामुन की बिक्री रफ्तार पकड़ रही है। फल विक्रेताओं के अनुसार आम, लीची और तरबूज के बाद अब ग्राहकों का रुझान जामुन की ओर बढ़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इसकी मांग दिखाई दे रही है।