नागपुर में HSRP प्लेट पर आरटीओ का महा-अभियान; पहले ही दिन हजारों वाहनों की चेकिंग, सैकड़ों का कटा चालान

Nagpur HSRP High Security: नागपुर में HSRP नियमों के पालन के लिए RTO और ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पहले दिन करीब 1000 वाहनों की जांच हुई और सैकड़ों वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
RTO's mega-drive on HSRP plates in Nagpur; thousands of vehicles checked and hundreds fined on the very first day.
नागपुर, एचएसआरपी, आरटीओ, चालान,(सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur High Security Registration Plate: नागपुर सिटी में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और ट्रैफिक पुलिस ने एचएसआरपी को लेकर चालान काटने की मुहिम तेज कर दी है। तीनों आरटीओ ने पहले दिन ही लगभग 1,000 वाहनों की चेकिंग की और सैकड़ों वाहनधारकों पर फाइन लगाया है। अब तक वाहनधारकों को कई बार मौके दिए गए लेकिन सुधार नहीं होता देख 1 जुलाई से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पहले दिन भारी वाहन, स्कूल वाहन, बस, ट्रक, कार से लेकर टूव्हीलर तक पर कार्रवाई की गई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सिटी आरटीओ ने पहले दिन 504 वाहनों की चेकिंग की और 56 के खिलाफ ई-चालान जारी किए।

लगभग 56,000 रुपये का फाइन वसूला। इसी प्रकार ग्रामीण आरटीओ ने भी पहले दिन सैकड़ों वाहन चेक किए और 102 पर चालान काटा। पूर्व नागपुर आरटीओ के अधिकारियों ने भी 1,000 वाहनों की चेकिंग की और लगभग 267 वाहनों पर जुर्माना लगाया है।

क्या है नियम और जुर्माना

परिवहन विभाग के स्पष्ट निर्देशानुसार जो वाहन मालिक 30 जून तक एचएसआरपी के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर चुके हैं, उन्हें छूट दी जाएगी, जब तक कि उनकी प्लेट इंस्टॉल नहीं हो जाती। हालांकि जो लोग इस प्रक्रिया का पालन नहीं कर रहे हैं उन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 1,000 का जुर्माना लगाया जाएगा।

14 फ्लाइंग स्क्वॉड रख रहे नजर

अभियान को सफल बनाने के लिए शहर, पूर्व और ग्रामीण आरटीओ की टीमें ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करेंगी।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी किरण बिडकर और विजय चव्हाण के नेतृत्व में कुल 14 फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं जो सड़कों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं।

क्या है वर्तमान स्थिति ?

  • तीनों आरटीओ कार्यालयों के अंतर्गत कुल 14.35 लाख वाहन
  • एचएसआरपी फिटेड वाहन केवल 7.02 लाख (लगभग 48.9%)।
  • अपॉइंटमेंट बुक करने वाले 7.77 लाख (लगभग 54.1%)।

सरकारी विभागों को भी निर्देश

परिवहन विभाग ने सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने नियंत्रण में आने वाले वाहनों पर समय सीमा के भीतर एचएसआरपी लगवाना सुनिश्चित करें, साथ ही ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, ट्रक और बस एसोसिएशनों से अपील की गई है कि वे पुराने वाहन मालिकों को इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें।

Navbharat Live
navbharatlive.com