

Nagpur Aapli Bus Transport Department: नागपुर महानगरपालिका के परिवहन विभाग को सशक्त बनाने और 'आपली बस' सेवा के माध्यम से राजस्व बढ़ाने के लिए मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को तत्काल उत्कृष्ट और सर्वसमावेशक 'विजन डॉक्यूमेंट' तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर एक श्वेतपत्र जारी करने की भी घोषणा की है।
आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने 'आपली बस' के जरिए 'नॉन-फेयर रेवेन्यू' बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया और इसके लिए तत्काल एक अच्छे सलाहकार की नियुक्ति करने का निर्देश दिया। मनपा की कबाड़ (स्क्रैप) हो चुकीं बसों का रचनात्मक उपयोग करने की एक अनूठी योजना भी सामने रखी गई है।
इन बसों को मिनी लाइब्रेरी या छोटे रेस्टोरेंट में तब्दील कर निजी संस्थाओं के माध्यम से मनपा मुख्यालय, आईटी पार्क, मिहान और मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ा किया जाएगा जिससे मनपा की आय में वृद्धि हो सके।
देश के अन्य प्रमुख शहरों की तर्ज पर 'आपली बस' पर निजी संस्थाओं के विज्ञापन लगाने के लिए नई विज्ञापन और होर्डिंग नीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा मनपा के सभी बस डिपो को 'मोनेटाइज' किया जाएगा, इन जगहों का उपयोग पार्किंग, पेट्रोल पंप,रेस्टोरेंट और शॉपिंग जैसे व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जाएगा जिससे नागपुर मनपा को भारी आर्थिक लाभ मिलेगा।
परिवहन समिति, सभापति, मंगला खेकरे ने कहा मोरभवन बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने की उत्तम व्यवस्था, प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम), बसों के समय की जानकारी देने वाले 'डिजिटल डिस्प्ले' और स्टैंड के चारों ओर आधुनिक शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। मोरभवन परिसर का कंक्रीटीकरण और सौंदर्याकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, शहर के विभिन्न बस स्टॉप पर नागरिकों की सुविधा के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और खापरी डिपो की सुरक्षा के लिए मजबूत लोहे व तारों की बाड़ (फेसिंग) लगाई जाएगी।