‘बच्चा चोर’ के शक में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से की पिटाई, पुलिस जांच में जो सच निकला वो आपको शर्मिंदा कर देगा
Mob Lynching Attempt Nagpur: नागपुर के हिंगना में बच्चा चोरी की अफवाह। निर्दोष बुजुर्ग महिला की पिटाई। जांच में महिला निकली बेगुनाह, पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों को दी चेतावनी।
- Written By: प्रिया जैस
हिंगना में बच्चा चोरी की अफवाह में बुजुर्ग महिला की पिटाई (सौजन्य-नवभारत)
Child Lifter Rumors Nagpur: नागपुर जिले की हिंगना तहसील के रायपुर क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह बच्चा चोरी की अफवाह के कारण हड़कंप मच गया। एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को बच्चा चोर समझकर स्थानीय लोगों ने घेर लिया और कुछ महिलाओं ने उसकी पिटाई भी कर दी। हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि महिला पूरी तरह निर्दोष है और रास्ता भटककर उस इलाके में पहुंच गई थी।
प्लास्टिक की थैली देखकर बढ़ा शक
यह घटना नागपुर स्थित नेहरू विद्यालय के पास सुबह करीब 10 बजे हुई। लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला सड़क से गुजर रही थी। उसी दौरान इलाके की 4 वर्षीय एक बच्ची किराना दुकान की ओर जा रही थी। बुजुर्ग महिला ने बच्ची से बातचीत करने की कोशिश की। यह देखकर बच्ची की मां और आसपास की कुछ महिलाओं को संदेह हुआ कि महिला बच्चा चोरी करने आई है।
महिला के पास एक बड़ी प्लास्टिक की थैली और कुछ दवाइयां थीं। इसी आधार पर लोगों ने अंदेशा जताया कि वह बच्ची को नशीला पदार्थ देकर प्लास्टिक की थैली में डालकर ले जाने वाली है। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ महिलाओं ने गुस्से में आकर बुजुर्ग महिला को थप्पड़ भी मार दिए।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में मानसून के साथ मंडराया स्वाइन फ्लू का खतरा: जुलाई में मिले 21 मरीज, मनपा ने जारी किया अलर्ट!
नागपुर के खापरखेड़ा में गैंगवार से दहशत! नकाबपोश बदमाशों ने तलवारों-चाकुओं से बोला हमला, 3 गंभीर घायल
सुखकर्ता अस्पताल में हंगामा: बीड़ीपेठ के नागरिकों का फूटा गुस्सा, डॉक्टर व प्रशासन पर कार्रवाई की मांग पर अड़े
नागपुर मनपा मुख्यालय बना शराबियों का अड्डा? छठवीं मंजिल पर मिलीं खाली बोतलें, सामाजिक कार्यकर्ता ने खोला पोल
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही हिंगना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले आई। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह इसासनी क्षेत्र की रहने वाली है और हिंगना के सरकारी अस्पताल में दांत दर्द का इलाज कराने आई थी। इलाज के बाद वह रास्ता भूल गई थी और प्यास लगने के कारण बच्ची से पानी मांगने के लिए बात करने की कोशिश कर रही थी।
जांच में निकली निर्दोष
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला पिछले करीब 30 वर्षों से इसासनी इलाके में रह रही है। उसके 3 बेटे, 3 बहुएं और 6-7 पोते-पोतियां हैं। महिला को मराठी भाषा नहीं आती और वह भोजपुरी बोलती है। परिजनों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। आवश्यक प्रमाण देने के बाद पुलिस ने महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें – अमरावती का ‘टेक्सटाइल हब’ तैयार! पीएम मित्रा पार्क का पहला चरण पूरा, विदेशी कंपनियों ने शुरू किया निवेश
सोशल मीडिया पर फैली अफवाह
घटना के दौरान कुछ लोगों ने महिला को पकड़ने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ‘बोरे में भरकर बच्चा चोरी’ जैसे भ्रामक शीर्षक के साथ वायरल कर दिया जिससे पूरे हिंगना क्षेत्र में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अब इस मामले में अफवाह फैलाने वालों की भी जांच कर रही है। नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में बच्चा चोरी करने वाले किसी भी गिरोह के सक्रिय होने की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं।
ऐसे वायरल वीडियो या संदेशों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें और उन्हें आगे साझा न करें। हालांकि पहले की तरह बच्चों को स्कूल बस के स्टाप तक पहुंचाने और लाने जैसी सावधानियां बरकरार रहनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
