उखाड़ने से पहले पुलिस को क्यों नहीं दी सूचना? गजानन नगर के नागरिकों ने उठाए उद्यान की कार्यप्रणाली पर सवाल
Nagpur Park Controversy: गजानन नगर स्थित मनपा उद्यान में कथित गांजे के पौधे मिलने के दावे से विवाद गहरा गया है। स्थानीय नागरिकों ने मामले में पुलिस और उद्यान विभाग को पहले सूचना देने की जरूरत बताई।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर गांजा मामला, गजानननगर उद्यान, (प्रतीकात्मक तस्वीर सोर्स: एआई फोटो)
Nagpur Alleged Cannabis Plants Park: नागपुर महानगरपालिका के गजानन नगर स्थित उद्यान में कथित तौर पर गांजे के पौधे पाए जाने का रहस्य दिन-ब-दिन और गहराता जा रहा है। भाजपा नेता मुन्ना यादव द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद से शहर और मनपा के हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि स्थानीय नागरिकों से संपर्क करने पर उन्होंने इस प्रकार की घटना की स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं की है। इसके विपरीत नागरिकों ने यह राय व्यक्त की है कि यदि उद्यान में गांजे के पौधे मिले थे तो उन्हें उखाड़ने से पहले पुलिस या मनपा के उद्यान विभाग को इसकी सूचना दी जानी चाहिए थी।
मिट्टी का रहस्य और फॉरेंसिक जांच
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने इस मामले की फोरेंसिक जांच के आदेश दिए, प्रारंभिक जांच में यह हैरान करने वाली बात सामने आई है कि पौधों की जड़ों के पास की मिट्टी और उद्यान की मूल मिट्टी अलग-अलग है। इस तथ्य ने संदेह को और अधिक बढ़ा दिया है कि क्या ये पौधे प्राकृतिक रूप से उगे थे या इन्हें जानबूझकर यहां लगाया गया था।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में बढ़े बिजली बिल पर घमासान, कांग्रेस ने वसूली पर रोक लगाने की उठाई मांग
HC के हंटर के बाद जागी नागपुर मनपा: बारिश से पहले गड्ढों का अंतिम संस्कार शुरू, मंगलवारी जोन ने मारी बाजी!
वारकरियों के लिए नासिक एसटी का बड़ा तोहफा: पंढरपुर यात्रा के लिए 20 से 30 जुलाई तक चलेंगी 300 विशेष बसें
खाते में 1500 आए या 3000 रुपए? लाडकी बहिन योजना को लेकर बड़ा अपडेट, यहां जानें क्या है पूरी बात
स्थानीय लोगों का कहना है कि पास की राहुलनगर झुग्गी बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के कुछ लोग उद्यान में शराब और गांजे का सेवन करने आते हैं। ऐसा संभव है कि उस दौरान गांजे के बीज वहां गिर गए हों और बारिश के कारण उनसे पौधे उग आए हों। जानबूझकर गांजे की खेती करने के दावे को स्थानीय लोगों ने सिरे से खारिज किया है।
गांजे के पौधों के दावे की जांच शुरू
गजानन नगर उद्यान में गांजे के पौधे होने की बात कही गई थी लेकिन स्थानीय नागरिकों से चर्चा करने के बाद इस बात की पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि पौधे निकालने से पहले ही हमें सूचित किया जाता तो विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा सकती थी। आयुक्त ने जांच के आदेश दे दिए हैं और उसी के अनुसार पुलिस को पत्र भी दे दिया गया है।
– उद्यान विभाग, उपायुक्त, गणेश राठौड़
हमें गजानन नगर उद्यान में गांजे के पौधे होने की जानकारी मिली थी। हालांकि हमारे घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही उन्हें वहां से हटा दिया गया था। यदि हमें पहले सूचना मिलती तो हम पंचनामा करके आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकते थे।
यह भी पढ़ें:-HC के हंटर के बाद जागी नागपुर मनपा: बारिश से पहले गड्ढों का अंतिम संस्कार शुरू, मंगलवारी जोन ने मारी बाजी!
अब हमें मनपा उद्यान विभाग का पत्र प्राप्त हो गया है लेकिन इस मामले में आगे कोई खास कार्रवाई संभव नहीं लगती है। नागपुर महानगरपालिका को उद्यानों की सुरक्षा की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए, हम भी अपनी गश्त के दौरान उद्यानों पर अधिक बारीकी से नजर रखेंगे।
– धंतोली पुलिस थाना, पुलिस निरीक्षक, साईनाथ रामोद
