

Maharashtra Heatwave Alert Mobile Emergency Siren: महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में रहने वाले लाखों लोग आज उस समय चौंक गए, जब अचानक उनके मोबाइल फोन तेज वाइब्रेशन के साथ सायरन की तरह बजने लगे। स्क्रीन पर एक संदेश फ्लैश हुआ। जिसमें लिखा था 'Extremely Severe Alert'।
आज दोपहर विदर्भ के लोगों के मोबाइल पर 3 बजकर 55 मिनट पर अचानक तेज वाइब्रेशन के साथ सायरन बजने लगा। इससे लोग चौंक गए। इसके साथ ही मोबाइल स्क्रीन पर एक मैसज फ्लैश हुआ। मुंबई स्थित मंत्रालय (आपदा प्रबंधन विभाग) द्वारा जारी यह मैसेज मराठी भाषा में था, जिसमें लिखा था अगले 24 घंटों में अमरावती, चंद्रपुर, गड़चिरोली, नागपुर और वर्धा जिलों में कई स्थानों पर भीषण लू चलने और कुछ इलाकों में रातें भी बेहद गर्म रहने की प्रबल आशंका है। अगर आपके फोन पर भी ऐसा मैसेज आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह भारत सरकार और राज्य सरकार की एक नई तकनीक है, जिसे 'सैल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम' कहा जाता है। इसका इस्तेमाल किसी भी प्राकृतिक आपदा या इमरजेंसी के समय लोगों को तुरंत सचेत करने के लिए किया जाता है।
मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन के मुताबिक, अगले 24 घंटे इन 5 जिलों के लिए बेहद भारी हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस चेतावनी के मायने क्या हैं।
Severe Heatwave: इसका मतलब है कि तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है। इन इलाकों में पारा 45°C से 47°C को पार कर सकता है, जो इंसानी शरीर के लिए खतरनाक है।
कुछ जगहों पर गर्म रात की संभावना: आमतौर पर लोग सोचते हैं कि धूप ढलने के बाद गर्मी कम हो जाएगी। लेकिन इस अलर्ट का मतलब है कि रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा। यानी रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
इससे पहले देश के कई हिस्सों में इस प्रकार के अलर्ट सायरन बजे हैं। अगर आपको अपने मोबाइल पर ऐसा इमरजेंसी अलर्ट मिला है, तो घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यह नोटिफकेशन, प्राकृतिक और इंसानों की वजह से होने वाली आपदाओं के दौरान चेतावनियों को तेजी से पहुंचाने के लिए देश भर में किए जा रहे स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के टेस्ट का एक हिस्सा है। सरकार ने ये टेस्ट मैसेज मोबाइल फोन पर अंग्रेजी-हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भेजे जा रहे हैं।
सेल ब्रॉडकास्टिंग (CB) एक ऐसी टेक्नोलॉजी है जो सरकार को किसी खास भौगोलिक इलाके में मौजूद मोबाइल पर इमरजेंसी अलर्ट भेजने की सुविधा देती है। किसी एक व्यक्ति को भेजे जाने वाले आम टेक्स्ट मैसेज के उलट, ये अलर्ट ब्रॉडकास्ट मोड में भेजे जाते हैं। इसका मतलब है कि ये एक तय इलाके में मौजूद सभी मोबाइल डिवाइस पर एक ही समय पर भेजे जाते हैं।