World Kidney Day Nagpur Railway: विश्व किडनी दिवस के अवसर पर मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने अपने कर्मचारियों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए एक व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों को किडनी के महत्व, इससे जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और शुरुआती लक्षणों के प्रति सचेत करना था।
यह पूरा आयोजन प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. ममता शर्मा, मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. निर्मला गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जागरूकता अभियान केवल नागपुर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका विस्तार अजनी, आमला, जुन्नारदेव और वर्धा जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य इकाइयों तक भी किया गया। इन केंद्रों पर आयोजित व्याख्यानों में कुल 146 रेलवे कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और विशेषज्ञों से किडनी स्वास्थ्य से जुड़े अपने संदेह दूर किए।
मंडल रेल चिकित्सालय, नागपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डॉ. समला श्रवण ने एक प्रभावी ऑडियोविजुअल प्रस्तुति दी। उन्होंने किडनी की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि कैसे हमारी लापरवाही इस अंग को नुकसान पहुँचा सकती है। डॉक्टर ने स्वस्थ किडनी के लिए ‘8 गोल्डन रूल्स’ पर विशेष जोर दिया, जिनमें पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और ब्लड शुगर व बीपी का नियंत्रण शामिल है।
इस अवसर पर डॉ. निर्मला गुप्ता ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूकता ही बीमारियों से बचने का सबसे प्रभावी हथियार है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि शरीर में किडनी रोग से जुड़ा कोई भी असामान्य लक्षण दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। कार्यक्रम का सफल समन्वय मंजूषा माटे और संजय सावले द्वारा किया गया।