मुंबई लोकल ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Railway Rain Preparations: मुंबई में मानसून की दस्तक से पहले उपनगरीय नेटवर्क को सुरक्षित रखने के लिए वेस्टर्न रेलवे ने चर्चगेट-विरार सेक्शन पर प्री-मानसून अभियान तेज कर दिया है। पिछले साल समय से पहले बारिश के अनुभव से सबक लेते हुए इस बार सभी काम 25 मई तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि जून के पहले सप्ताह से संभावित बारिश का असर लोकल सेवाओं पर न पड़े।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक पर जलभराव रोकने के लिए 126 डिवॉटरिंग पंप लगाए जा रहे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक हैं। इन पंपों को बारिश से 30 दिन पहले रोजाना परीक्षण के आधार पर चलाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पटरियों और नालों से गाद हटाने के लिए 600 ‘मक स्पेशल’ ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो पिछले साल से 80 ट्रिप ज्यादा होंगी। बीते मानसून में जिन स्थानों पर पानी भरने की समस्या सामने आई थी, वहां विशेष सुधार कार्य किए गए हैं। दादर-माहिम के निचले हिस्सों में ट्रैक लेवल ऊंचा किया गया है। गोरेगांव-मलाड, प्रभादेवी-माटुंगा और बोरीवली-विरार सेक्शन में अतिरिक्त भूमिगत ड्रेनेज सिस्टम विकसित कर जल निकासी क्षमता बढ़ाई गई है। बारिश की सटीक निगरानी के लिए पांच ऑटोमेटिक रेन गेज लगाए गए हैं। इसके साथ 36 स्थानों पर फ्लड-लेवल मॉनिटरिंग उपकरण स्थापित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्रपति शिवाजी महाराज: 8 पत्नियां, 3 तलवारें और वो इकलौता किला जिसे जीत नहीं सके, जानिए पूरा इतिहास
CPRO पश्चिम रेलवे विनीत अभिषेक ने कहा कि वैस्टर्न रेलवे ने व्यापक मानसून तैयारी शुरू कर दी है। ट्रैक लेवल बढ़ाने से लेकर पंप इंस्टॉलेशन तक सभी कार्य समय से पहले पूरे किए जाएंगे, ताकि उपनगरीय सेवाएं प्रभावित न हों।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 4 संवेदनशील पुलों पर जलस्तर मापने वाली रियल-टाइम चेतावनी प्रणाली भी सक्रिय रहेगी, जिससे खतरे की स्थिति में तुरंत अलर्ट जारी हो सके, तकनीकी उपायों के साथ मानव संसाधन पर भी जोर दिया गया है। भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। नालों की सफाई, पेड़ों की छंटाई, संवेदनशील स्थानों की पहचान और संयुक्त निरीक्षण जैसे कार्य तेजी से जारी हैं।