भारत मर्चेंट्स चेंबर चुनाव (pic credit; social media)
Maharashtra News: कपड़ा व्यापारियों और उद्यमियों की 65 वर्ष पुरानी अग्रणी संस्था भारत मर्चेंट्स चेंबर में इस बार इतिहास रचा गया। पहली बार संस्था की कार्यकारिणी समिति के चुनाव हुए और इसमें व्यापारी एकता ग्रुप ने 90 प्रतिशत मतों के साथ शानदार जीत हासिल की। जबकि प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेसी ग्रुप को केवल 10 प्रतिशत वोट मिले और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।
इस चुनाव में कुल 21 सदस्य चुने गए। इनमें से तीन सदस्य – सुबोध गुप्ता, प्रदीप जैन और मनोज बनवारीलाल जालान – पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। बाकी के 18 सदस्य भी भारी मतों के अंतर से विजयी रहे। विजेताओं में मनोज जालान, विनोद गुप्ता, अजय सिंघानिया, अशोक लोहिया, निलेश वैश्य, विवेक बगड़िया, पवन मित्तल, पंकज अग्रवाल, संतोष तुलस्यान, महेंद्र सोनावत, आनंद सुरेका, दीपक बुबना, आनंद केडिया, नवीन बगड़िया, दीपक शाह, देवकीनंदन अग्रवाल, रमन गुप्ता और सुरेश अग्रवाल शामिल हैं।
अब नव-निर्वाचित कार्यकारिणी समिति संस्था की प्रबंधन समिति का गठन करेगी।
भारत मर्चेंट्स चेंबर की स्थापना 1 जनवरी 1960 को कालबादेवी के जालान भवन में घनश्यामदास जालान, तेजपाल पोद्दार और अन्य 21 अग्रणी वस्त्र व्यवसायियों ने मिलकर की थी। वर्ष 1975 में संस्था का अपना भारत चेंबर भवन बना।
इसे भी पढ़ें- गहरे समुद्र में निजी कंपनियों के प्रवेश का विरोध, मछुआरा संघ ने जताई आपत्ति
चेंबर ने वर्षों से व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और समाधान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चुंगी खत्म करने, महिला कर्मियों को प्रोफेशनल टैक्स में राहत दिलाने और टैक्स संबंधी मामलों में सरकार तक मुद्दे पहुंचाने में संस्था ने अहम योगदान दिया।
कपड़ा व्यापारियों के बीच विवादों का निपटारा करने में भी संस्था ने हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके अलावा, भारत चेंबर ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में लगातार कार्य करता रहा है और हजारों जरूरतमंदों को मदद उपलब्ध कराई है।