वोट की ताकत AK-56 की गोली से भी ज्यादा: गोपीचंद पड़लकर ने साधा सटीक निशाना

Devendra Fadnavis: अंबरनाथ में भाजपा विधायक गोपीचंद पड़लकर ने कहा कि वोट की ताकत AK-56 की गोली से भी ज्यादा है। 2 दिसंबर को भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन के लिए कमल को वोट करने अपील की ।
वोट की ताकत AK-56 जैसी अत्याधुनिक बंदूक से निकली गोली से ज्यादा
वोट की ताकत AK-56 जैसी अत्याधुनिक बंदूक से निकली गोली से ज्यादा (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

Thane News: भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा लिखित संविधान ने समाज के करोड़पतियों और एक सामान्य नागरिक को समान अधिकार दिए हैं। यह अधिकार AK-56 जैसी अत्याधुनिक बंदूक से निकली गोली से भी कई गुना अधिक ताकतवर है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड हिंदू ओबीसी नेता तथा जत विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपीचंद कुंडलिक पड़लकर का।

शनिवार को शहर के पश्चिम स्थित मातोश्री नगर के इंदिरा गार्डन में भारतीय जनता पार्टी की नगराध्यक्ष पद की अधिकृत उम्मीदवार तेजश्री करंजुले पाटिल एवं भाजपा के नगरसेवक पद के उम्मीदवार भगवान लोटे, मीना सुरेश वालकर, पवन वालकर, स्वरा जाधव, यश गायकवाड़, मीनाक्षी भागवत और मुदस्सर शेख—के समर्थन में एक जनसभा आयोजित की गई। इसी अवसर पर अपने संबोधन में पड़लकर ने उपरोक्त बातें कहीं।

सुशासन का अवसर दें

अपनी विशिष्ट शैली में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अंबरनाथ की जनता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 2 दिसंबर को भाजपा उम्मीदवारों को जिताकर अंबरनाथ को भयमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त एवं जनता की समस्याओं के समाधान में सक्षम नगरपालिका दिलाए। उन्होंने अपील की कि तेजश्री करंजुले पाटिल को नगराध्यक्ष पद पर विजयी बनाकर सुशासन का अवसर दें।

लाडली बहन योजना

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शासनकाल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सिद्ध नहीं हुआ। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य करते हुए गरीब मराठा, बौद्ध, धनगर, तेली, रामोशी, कैकाड़ी, भटके विमुक्त, अल्पसंख्यक एवं सर्व समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ लागू की हैं। मेट्रो, सिंचाई परियोजनाएँ, सड़क निर्माण, लाडली बहन योजना आदि से आम जनता को लाभ मिला है।

इस चुनावी सभा में कल्याण विधानसभा के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार, भाजपा जिला अध्यक्ष नंदू परब, पूर्व नगराध्यक्ष गुलाबराव करंजुले पाटिल, शशिकांत कांबले, नाना सूर्यवंशी सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com