BMC चुनाव में भाजपा की जीत, अब मुंबई की प्रगति की बढ़ी जिम्मेदारी: उमर अब्दुल्ला
Omar Abdullah : जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुंबई की प्रगति सुनिश्चित करना अब भाजपा की जिम्मेदारी है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Umar Abdullah:जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Development: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि हाल ही में हुए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद मुंबई की प्रगति अब भाजपा की जिम्मेदारी बन गई है। अब्दुल्ला ने कहा, “लंबे अंतराल के बाद चुनाव हुए। हर चुनाव में कोई जीतता है और कोई हारता है। भाजपा ने अधिकतम सीटें हासिल की हैं। इसलिए मुंबई की प्रगति सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी बनती है।”
उमर अब्दुल्ला ‘टाटा मुंबई मैराथन’ में भाग लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन के माध्यम से फिटनेस, स्थिरता और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा दिया जाता है।
शहर की प्रगति सुनिश्चित करने का अवसर
उन्होंने आगे कहा, “बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद, भाजपा पर मुंबईवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। मुंबई की जनता ने भाजपा को शहर की प्रगति सुनिश्चित करने का अवसर दिया है।”
सम्बंधित ख़बरें
गौ माता की सेवा या सिर्फ दिखावा? लग्जरी हैंडबैग पर मुंबई में ट्रोल हुईं पॉप स्टार रिहाना
बुलढाणा में भारी तनाव सैकड़ों प्रदर्शनकारी पुलिस की हिरासत में…
Bhandara News: मृत महिला के नाम पर हुआ मतदान, निष्पक्ष जांच की मांग
भंडारा जिले में 44 डिग्री पर पहुंचा तापमान, 1 मई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना
उमर अब्दुल्ला ने अपने कॉलेज के दिनों को भी याद किया, जब वह मुंबई में तीन साल रहे थे। उन्होंने कहा, “उस समय सपने में भी किसी ने नहीं सोचा होगा कि भविष्य में इस शहर में तटीय सड़क जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं होंगी।”
स्पष्ट बहुमत हासिल
पिछले शुक्रवार भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका के 227 सदस्यीय सदन में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा और शिवसेना ने क्रमशः 89 और 29 सीटें जीतीं।
ये भी पढ़े: Mumbai: टाटा मुंबई मैराथन आज, 69 हजार धावकों के साथ बनेगा नया रिकॉर्ड
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) ने 65 सीटें हासिल कीं, जबकि शिवसेना (उबाठा) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को छह सीटें मिलीं। वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ गठबंधन करने वाली कांग्रेस को 24 सीटें मिलीं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने आठ, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तीन, समाजवादी पार्टी ने दो और राकांपा (शरद चंद्र पवार) को केवल एक सीट मिली।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
