मुंबई-ठाणे में मानसून का कोहराम: मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, मिलिंद देवड़ा ने की स्कूल बंद करने की मांग
Mumbai Red Alert: मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए मौसम विभाग ने रविवार तक रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के खतरे को देखते हुए सांसद मिलिंद देवड़ा ने स्कूलों को बंद करने की मांग की है।
- Written By: रूपम सिंह
मुंबई मौसम (सोर्स- सोशल मीडिया
Weather Update Mumbai Red Alert: शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए आज व कल यानी रविवार तक रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। शुक्रवार सुबह से ही मुंबई के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। कई इलाकों में कुछ घंटों के भीतर ही 70 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
निचले इलाकों में भरा पानी
बांद्रा के सुपारी टैंक म्युनिसिपल स्कूल क्षेत्र में 73.8 मिमी, प्रभादेवी में 72.2 मिर्मी, बांद्रा वेस्ट में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही वर्षा के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारे देखने को मिलीं। शहर के कुछ मागाँ पर ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेनों के संचालन में मामूली देरी हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
सम्बंधित ख़बरें
12 घंटे के सफर में मिलेगी आरामदायक नींद; मुख्यमंत्री फडणवीस की पहल पर पुणे-नागपुर मार्ग पर चलेगी वंदे स्लीपर
बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम, बिहार के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
नागपुर के पंचशील चौक पर बड़ा हादसा टला! आपली बस ने स्कूली बच्चों की वैन को मारी जोरदार टक्कर; 4 छात्राएं घायल
उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान, राम मंदिर चंदे में चोरी के खिलाफ रविवार से ‘राम रक्षा आंदोलन’, शिंदे गुट का पलटवार
मछुआरों को समुद्र में न जाने की अपील
लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, जबकि नागरिकों से बिजली के खंभों, खुले मैनहोल और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है। मुंबई में मानसून के इस तीव्र दौर को देखते हुए सभी सरकारी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान, राम मंदिर चंदे में चोरी के खिलाफ रविवार से ‘राम रक्षा आंदोलन’, शिंदे गुट का पलटवार
मिलिंद देवड़ा ने बीएमसी आयुक्त से की अपील
राज्य सभा सांसद मिलिद देवरा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मुंबई में रेड अलर्ट जारी है। मैं बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े से आग्रह करता हूं कि यदि स्कूल और कॉलेज खुल गए हैं, तो उन्हें तत्काल बंद करने की घोषणा करें। कोई भी शैक्षणिक दिवस हमारे बच्चों और विद्यार्थियों के जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता। जहां तक संभव हो, कर्मचारियों को परिस्थितियां सामान्य होने तक वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दें।
