Thane News: सांसद श्रीकांत शिंदे को ITCSF की कमान, देश में टेनिस क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा

Shrikant Shinde: ठाणे में आयोजित ITCSF की पहली वार्षिक बैठक में सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जिससे देशभर में टेनिस क्रिकेट को संगठित और पेशेवर रूप से बढ़ावा मिलेगा।
Tennis Cricket Federation of India
ITCSF India (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Thane Sports News: देशभर की गलियों से लेकर बड़े मैदानों और विदेशों तक खेले जा रहे टेनिस क्रिकेट को बढ़ावा देने का कार्य कर रही “टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (ITCSF)” की कमान सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे को सौंपी गई है। रविवार को ठाणे में आयोजित फेडरेशन की पहली वार्षिक बैठक में डॉ. श्रीकांत शिंदे को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल

टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की इस बैठक में महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात सहित कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा दुबई से भी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रतिभाशाली खिलाड़ी होंगे तैयार: शिंदे

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बैठक में सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में खेल महोत्सव आयोजित करने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि उनके कल्याण लोकसभा क्षेत्र में अन्य खेलों के साथ टेनिस क्रिकेट बड़े पैमाने पर खेला जाता है। यहां नियमित रूप से कई टूर्नामेंट आयोजित होते हैं और बड़ी संख्या में युवा इस खेल से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि इस खेल को अधिक संगठित, अनुशासित और पेशेवर दिशा देने की जरूरत थी। ITCSF के माध्यम से एक नई और सकारात्मक शुरुआत हो रही है। फेडरेशन खिलाड़ियों को एक भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराएगी, ताकि वे टेनिस क्रिकेट को सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि करियर के रूप में भी देख सकें।

देशभर से नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करना है उद्देश्य

डॉ. शिंदे ने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य देशभर से नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करना है। खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन, अवसर और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संरचना उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर ठाणे की पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे, कॉर्पोरेटर मंदार केणी, फेडरेशन के उपाध्यक्ष हेमंत बनियाल, दुबई के आरिफ खान सहित विभिन्न राज्यों के टेनिस क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com